बेटियों की शादी, अग्निकांड से हुए नुकसान और परिवार के भरण-पोषण के लिए मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से मिली आर्थिक मदद
काशीपुर (काशीपुर वार्ता)। विधायक त्रिलोक सिंह चीमा ने मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से स्वीकृत 3 लाख 15 हजार रुपये की आर्थिक सहायता के 12 चेक जरूरतमंदों को वितरित किए। यह सहायता बेटियों की शादी, अग्निकांड से हुए नुकसान और पति की मृत्यु के बाद परिवार का भरण-पोषण करने में कठिनाइयों का सामना कर रहे लोगों को प्रदान की गई। आर्थिक सहायता मिलने से जरूरतमंद परिवारों को राहत मिलने की उम्मीद है। विधायक चीमा ने ग्राम गिन्नीखेड़ा निवासी सुमन और कटरामालियान निवासी भावना को पुत्री की शादी के लिए 25-25 हजार रुपये के चेक प्रदान किए। वहीं, अग्निकांड से प्रभावित खड़कपुर देवीपुरा निवासी रमेश सिंह को 50 हजार और कानूनगोयान निवासी बबीता को 15 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी गई। महुआखेड़ागंज निवासी मुनेश देवी को भी 10 हजार रुपये की सहायता प्रदान की गई। इसके अलावा काजीबाग निवासी संगीता, ढकिया गुलाबो निवासी हेमा अरोरा, आवास विकास निवासी पार्वती और रम्पुरा निवासी कुलविंदर कौर को 25-25 हजार रुपये के चेक दिए गए। कटरामालियान निवासी प्रवेश को 15 हजार रुपये की सहायता मिली। वहीं, बांसखेड़ा खुर्द निवासी पूजा को पति की मृत्यु के बाद परिवार की आजीविका चलाने के लिए 50 हजार और बबीता को 25 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई। इस अवसर पर विधायक त्रिलोक सिंह चीमा ने कहा कि आर्थिक तंगी से जूझ रहे जरूरतमंद परिवारों के लिए छोटी-सी सहायता भी बड़ा सहारा साबित होती है। संकट के समय आर्थिक मदद मिलने से उन्हें कठिन परिस्थितियों का सामना करने में राहत मिलती है। उन्होंने कहा कि जरूरतमंदों को सरकार की योजनाओं और मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष के माध्यम से हरसंभव आर्थिक सहायता दिलाने के प्रयास आगे भी जारी रहेंगे।


