आवास विकास के दुर्गा पूजा पंडाल में विधि-विधान से संपन्न हुए धार्मिक अनुष्ठान, गर्जिया में कोसी नदी में विसर्जित की गई प्रतिमा
काशीपुर (काशीपुर वार्ता)। आवास विकास के पंडित दीनदयाल पार्क स्थित दुर्गा पूजा पंडाल में बुधवार, 21 अक्टूबर को विजयादशमी के अवसर पर मां दुर्गा की विधिवत पूजा-अर्चना के बाद उन्हें भावपूर्ण विदाई दी गई। इस दौरान बंगाली परंपरा के अनुरूप आयोजित सिंदूर खेला उत्सव में महिलाओं ने एक-दूसरे को सिंदूर लगाकर विजयादशमी की खुशियां साझा कीं। वहीं, मां दुर्गा की विदाई के समय श्रद्धालुओं की आंखें नम हो गईं। बुधवार सुबह पूजा पंडाल में कोलकाता से आए पुजारी ने धार्मिक मंत्रोच्चार के साथ मां दुर्गा की पूजा संपन्न कराई। इसके पश्चात महिलाओं और अन्य श्रद्धालुओं ने दशमी की पुष्पांजलि अर्पित कर मां का आशीर्वाद लिया। नैवेद्य अर्पित करने और प्रसाद वितरण के बाद वैदिक मंत्रोच्चार के बीच प्रतिमा विसर्जन की रस्म पूरी की गई। विजयादशमी के अवसर पर पूजा पंडाल में आयोजित सिंदूर खेला उत्सव आकर्षण का केंद्र रहा। बंगाली परंपरा के अनुसार महिलाओं ने मां दुर्गा को सिंदूर अर्पित किया और एक-दूसरे को सिंदूर लगाकर पर्व की खुशियां मनाईं। महिलाओं ने मां दुर्गा से परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और मंगलमय जीवन की कामना की। उत्सव के दौरान श्रद्धा, उल्लास और पारंपरिक संस्कृति का अनूठा संगम देखने को मिला। दोपहर 12 बजे मां दुर्गा की प्रतिमा को गर्जिया ले जाकर कोसी नदी में विसर्जित किया गया। विदाई की बेला में पंडाल का माहौल भावुक हो गया। श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा को नम आंखों से विदा करते हुए अगले वर्ष पुनः आगमन की कामना की। पूजा कमेटी के प्रवक्ता संजय राय ने बताया कि सभी धार्मिक अनुष्ठान परंपराओं के अनुरूप श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न कराए गए। इस अवसर पर पूजा कमेटी के अध्यक्ष संजय राय के अलावा मानबेन्दु दास, अरुण सान्याल, संदीप बनर्जी, परितोष मजूमदार, संजीव राय, मृणाल घोष, डीके दास, डॉ. सुजॉय राय, अर्जुन सान्याल, प्रिया बनर्जी, सोनाली मजूमदार, तृप्ति राय, करुणा दास, बिपाशा राय और सुष्मिता सान्याल सहित अनेक श्रद्धालु एवं कमेटी के सदस्य उपस्थित रहे।



