काशीपुर के एक ओंकार ग्लोबल अकादमी में बच्चों का हुआ डेंटल चेकअप

दन्त चिकित्सक जिक्षा मेहलावत ने विद्यार्थियों को दी दांतों की देखभाल और ओरल हाइजीन की जानकारी

काशीपुर (काशीपुर वार्ता)। विद्यार्थियों को बेहतर स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने और उनमें स्वच्छता की अच्छी आदतें विकसित करने के उद्देश्य से एक ओंकार ग्लोबल अकादमी में डेंटल चेकअप कैंप का आयोजन किया गया। शिविर में जसपुरखुर्द रोड स्थित डेंटामैक्स डेंटल मैक्सिलोफेशियल एंड इम्प्लांट सेंटर की दंत चिकित्सक जिक्षा मेहलावत ने विद्यालय के विद्यार्थियों के दांतों की जांच की। इस दौरान दंत चिकित्सक जिक्षा मेहलावत ने बच्चों को दांतों की नियमित देखभाल, सही तरीके से ब्रश करने और मुंह की स्वच्छता बनाए रखने के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को बताया कि स्वस्थ दांत न केवल अच्छी मुस्कान के लिए जरूरी हैं, बल्कि संपूर्ण स्वास्थ्य का भी महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। दांतों की नियमित सफाई और समय-समय पर जांच कराने से कई तरह की दंत समस्याओं से बचा जा सकता है।
शिविर के दौरान विद्यार्थियों को दांतों की सफाई में लापरवाही न बरतने, दिन में दो बार ब्रश करने तथा खानपान में सावधानी रखने के प्रति भी जागरूक किया गया। साथ ही उन्हें बचपन से ही दांतों की स्वच्छता को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया गया।

विद्यालय के प्रधानाचार्य जॉनसन ने कहा कि बच्चों का शारीरिक और मानसिक विकास विद्यालय की प्राथमिकताओं में शामिल है। शिक्षा के साथ-साथ स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता भी उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए आवश्यक है। इसी उद्देश्य से विद्यालय समय-समय पर स्वास्थ्य जांच और जागरूकता संबंधी कार्यक्रम आयोजित करता रहता है। उन्होंने बताया कि भविष्य में भी विद्यार्थियों के स्वास्थ्य, स्वच्छता और सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए ऐसे उपयोगी कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे। इस अवसर पर सहोता मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल के प्रबन्धक एवं शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. रवि सहोता, विद्यालय के समस्त शिक्षक एवं स्टाफ मौजूद रहा।

बच्चों के स्वस्थ भविष्य के लिए स्वास्थ्य जागरूकता जरूरी : चेयरमैन सुखविंदर सिंह

काशीपुर (काशीपुर वार्ता)। एक ओंकार ग्लोबल अकादमी के चेयरमैन सुखविंदर सिंह ने कहा कि बच्चों का स्वस्थ शरीर ही उनके उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है। शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों को स्वास्थ्य और स्वच्छता के प्रति जागरूक करना भी विद्यालय की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। दांतों की सही देखभाल बचपन से ही शुरू होनी चाहिए, क्योंकि अच्छी आदतें जीवनभर स्वस्थ रहने में मददगार होती हैं। उन्होंने कहा कि नियमित ब्रश करना, संतुलित खानपान और समय-समय पर दंत चिकित्सक से जांच कराना बेहद जरूरी है। विद्यालय में आयोजित डेंटल चेकअप कैंप का उद्देश्य बच्चों को मौखिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना और उनमें अच्छी आदतें विकसित करना है। उन्होंने कहा कि विद्यालय भविष्य में भी विद्यार्थियों के स्वास्थ्य, सुरक्षा और सर्वांगीण विकास के लिए ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा।

 

👁 993 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *