होली एंजेल पब्लिक स्कूल में अंडर-16 बालिका वॉलीबॉल चैंपियनशिप का भव्य आयोजन

श्री गुरु नानक सीनियर सेकेंडरी स्कूल बना विजेता, मेजबान होली एंजेल पब्लिक स्कूल को मिला उपविजेता स्थान

काशीपुर (काशीपुर वार्ता)। होली एंजेल पब्लिक स्कूल, काशीपुर में देवभूमि सहोदया के तत्वावधान में 30 अक्टूबर शुक्रवार को अंडर-16 इंटर-स्कूल बालिका वॉलीबॉल चैंपियनशिप 2026 का भव्य आयोजन किया गया। इस एकदिवसीय प्रतियोगिता में काशीपुर एवं आसपास के क्षेत्रों के लगभग 11 विद्यालयों की टीमों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में छात्राओं ने उत्कृष्ट खेल कौशल, अनुशासन, टीम भावना एवं खेल भावना का शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी विजेंद्र चौधरी द्वारा किया गया। इस अवसर पर विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य, शिक्षाविद्, गणमान्य अतिथि एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे।

विद्यालय के प्रधानाचार्य सुबोध कुमार सिंह ने मुख्य अतिथि एवं समस्त विशिष्ट अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन, स्वागत संबोधन एवं अतिथियों के सम्मान के साथ हुआ। इसके पश्चात स्पोर्ट्स कैप्टन अवनीत कौर के नेतृत्व में मशाल दौड़ आयोजित की गई। सभी प्रतिभागी विद्यालयों की टीमों ने मार्च पास्ट एवं सलामी देकर खेल भावना और एकता का परिचय दिया। मुख्य अतिथि ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा प्रतियोगिता के औपचारिक उद्घाटन की घोषणा की। कड़े मुकाबलों और रोमांचक खेल प्रदर्शन के बाद श्री गुरु नानक सीनियर सेकेंडरी स्कूल, काशीपुर ने प्रथम स्थान प्राप्त कर चैंपियनशिप ट्रॉफी अपने नाम की। मेजबान विद्यालय होली एंजेल पब्लिक स्कूल, काशीपुर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए द्वितीय स्थान प्राप्त किया, जबकि ग्रेट मिशन पब्लिक स्कूल, हिम्मत नगर, रामनगर तृतीय स्थान पर रहा।

विद्यालय के प्रधानाचार्य सुबोध कुमार सिंह ने सभी विजेता एवं प्रतिभागी टीमों को बधाई देते हुए कहा कि खेल केवल जीत और हार तक सीमित नहीं हैं, बल्कि ये विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, सहयोग एवं संघर्ष करने की भावना विकसित करते हैं। उन्होंने सभी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं आयोजन में सहयोग देने वाले विद्यालयों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर गुरुकुल फाउंडेशन स्कूल, काशीपुर की प्रधानाचार्या मीनल बधवार, तराई इंडिपेंडेंट स्कूल एसोसिएशन के अध्यक्ष तथा समर स्टडी हॉल व द हेरिटेज सीनियर सेकेंडरी स्कूल के डॉयरेक्टर अनुराग सिंह, नैनीताल लोकसभा सांसद के प्रतिनिधि व द हेरिटेज सीनियर सेकेंडरी स्कूल के चेयरमैन राहुल अग्रवाल, पायनियर्स एकेडमी के चेयरमैन ललित रौतेला, ज्ञानार्थी कॉलेज के निदेशक डॉ. मनोज मिश्रा, ग्राम प्रधान कुंडेश्वरी पायल चौधरी, वाई.टी. इंस्टीट्यूट के चेयरमैन राहुल चौधरी सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के समस्त शिक्षकों, खेल प्रशिक्षकों, आयोजन समिति एवं सहयोगी कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। प्रतियोगिता का संदेश रहा – बेटियों को अवसर दें, उन्हें आगे बढ़ने दें और उन्हें अपनी प्रतिभा से नई ऊँचाइयाँ छूने के लिए प्रेरित करें।

बेटियों को खेलों में आगे बढ़ने के अवसर देना हमारी प्राथमिकता : अमित सिंह


काशीपुर (काशीपुर वार्ता)। होली एंजेल पब्लिक स्कूल में आयोजित अंडर-16 बालिका वॉलीबॉल चैंपियनशिप की सफलता पर विद्यालय के चेयरमैन अमित सिंह ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी प्रतिभागी विद्यालयों, खिलाड़ियों एवं आयोजन समिति को बधाई दी। उन्होंने कहा कि बालिकाओं को खेलों के माध्यम से आगे बढ़ने के पर्याप्त अवसर प्रदान करना बेहद जरूरी है। खेल न केवल शारीरिक एवं मानसिक विकास का माध्यम हैं, बल्कि बालिकाओं में आत्मविश्वास, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और आत्मनिर्भरता की भावना भी विकसित करते हैं। ऐसे आयोजन बेटियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और नई ऊंचाइयां हासिल करने के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने कहा कि विद्यालय भविष्य में भी शिक्षा के साथ खेलों को प्रोत्साहित करने तथा छात्राओं को अपनी प्रतिभा निखारने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगा।

 

 

👁 1,131 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *