सूर्या फाउंडेशन ने ग्राम टीला में लगाया पशु चिकित्सा शिविर

करीब 150 पशुओं का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण, पशुपालकों को बांटी गईं निःशुल्क दवाईयां

काशीपुर/टीला (काशीपुर वार्ता)। सूर्या फाउंडेशन की आदर्श गांव योजना के अंतर्गत उत्तराखंड क्षेत्र के ग्राम टीला में पशु चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर अपने पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण कराया। पशु चिकित्सकों ने पशुओं की जांच कर आवश्यक उपचार किया तथा पशुपालकों को उनकी नियमित देखभाल के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी। शिविर में जसपुर के पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. योगेश शर्मा के नेतृत्व में चिकित्सा टीम ने करीब 150 पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया। जांच के दौरान आवश्यकतानुसार पशुपालकों को निःशुल्क दवाइयां भी वितरित की गईं। चिकित्सकों ने पशुपालकों को पशुओं के खान-पान, नियमित स्वास्थ्य जांच, बीमारियों से बचाव तथा बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर समय से उपचार कराने के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।

इस अवसर पर पशुपालकों को सरकार की विभिन्न पशुपालन योजनाओं की जानकारी भी उपलब्ध कराई गई। टीम ने विशेष रूप से पशु बीमा योजना के महत्व और इससे मिलने वाले लाभों के बारे में ग्रामीणों को जागरूक किया। साथ ही पात्र पशुपालकों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया भी समझाई गई, ताकि वे योजनाओं का उचित लाभ उठा सकें। शिविर के दौरान ग्रामीणों ने पशु चिकित्सकों से अपने पशुओं से संबंधित समस्याओं को लेकर परामर्श लिया। चिकित्सकों ने पशुपालकों को पशुओं की समय-समय पर जांच कराने और स्वच्छता एवं संतुलित आहार पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी। ग्रामीणों ने सूर्या फाउंडेशन की पहल की सराहना करते हुए कहा कि गांव में ही पशुओं की जांच और उपचार की सुविधा मिलने से पशुपालकों को काफी लाभ हुआ है। साथ ही एक ही स्थान पर सरकारी योजनाओं और पशु बीमा की जानकारी मिलने से उन्हें भविष्य में इनका लाभ लेने में भी सुविधा होगी।

👁 1,105 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *