राज्य स्तरीय स्क्वाय चैंपियनशिप में होली एंजेल स्कूल का जलवा, 11 पदक झटके

पांच स्वर्ण, दो रजत और चार कांस्य पदक जीतकर खिलाड़ियों ने बढ़ाया विद्यालय का गौरव

काशीपुर (काशीपुर वार्ता)। होली एंजेल पब्लिक स्कूल, काशीपुर के विद्यार्थियों ने राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। एक नवंबर 2026 को रुद्रपुर स्टेडियम में आयोजित तृतीय उत्तराखंड राज्य स्तरीय स्क्वाय (मार्शल आर्ट) चैंपियनशिप में विद्यालय के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा, दमखम और खेल कौशल का परिचय देते हुए कुल 11 पदक अपने नाम किए। इनमें पांच स्वर्ण, दो रजत और चार कांस्य पदक शामिल हैं।
प्रतियोगिता में वेद सक्सेना, आदित्य बिष्ट, भावेश और प्रभजोत ने कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। वहीं अनय सिंह और आयुष ने रजत पदक हासिल किए। इसके अलावा आदित्य नेगी, नवीन, सार्थक, दीक्षित और तन्मय ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदकों पर कब्जा जमाया। विद्यार्थियों की इस उल्लेखनीय सफलता पर विद्यालय के प्रधानाचार्य सुबोध कुमार सिंह ने सभी पदक विजेता खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने खिलाड़ियों को उत्कृष्ट प्रशिक्षण और मार्गदर्शन प्रदान करने के लिए कोच शानू सर का विशेष आभार व्यक्त किया। साथ ही विद्यालय के खेल कार्यक्रमों के संचालन, समन्वय और खिलाड़ियों को लगातार प्रोत्साहित करने में राहुल के योगदान की भी सराहना की।
प्रधानाचार्य ने कहा कि यह उपलब्धि विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, अनुशासन, समर्पण और प्रशिक्षकों के कुशल मार्गदर्शन का प्रतिफल है। खेल विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, अनुशासन और संघर्ष की भावना विकसित करते हैं। विद्यालय भविष्य में भी प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को खेलों के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए हरसंभव अवसर और प्रोत्साहन प्रदान करता रहेगा। इस शानदार उपलब्धि से विद्यालय में खुशी का माहौल है। होली एंजेल पब्लिक स्कूल परिवार ने सभी विजेता खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और सहयोगियों को बधाई देते हुए उनके निरंतर सफलता की कामना की।

खिलाड़ियों की सफलता विद्यालय के लिए गौरव का क्षण :  चेयरमैन अमित सिंह

काशीपुर (काशीपुर वार्ता)। होली एंजेल पब्लिक स्कूल के चेयरमैन अमित सिंह ने तृतीय उत्तराखंड राज्य स्तरीय स्क्वाय (मार्शल आर्ट) चैंपियनशिप में विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा 11 पदक जीतने पर हर्ष व्यक्त करते हुए सभी खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की यह शानदार उपलब्धि उनकी कड़ी मेहनत, लगन, अनुशासन और आत्मविश्वास का प्रमाण है। पांच स्वर्ण, दो रजत और चार कांस्य पदक जीतना न केवल विद्यालय, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल शैक्षणिक क्षेत्र में ही नहीं, बल्कि खेलों सहित प्रत्येक क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए तैयार करना है। इस सफलता में कोच शानू सर के समर्पित प्रशिक्षण एवं राहुल के महत्वपूर्ण योगदान की भी सराहना की। उन्होंने विश्वास जताया कि ये प्रतिभाशाली खिलाड़ी भविष्य में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी विद्यालय और प्रदेश का नाम रोशन करेंगे। विद्यालय प्रबंधन खिलाड़ियों की प्रतिभा को निखारने के लिए सदैव प्रतिबद्ध है।

 

 

👁 1,080 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *