आवास विकास स्थित पंडित दीनदयाल पार्क में मां दुर्गा की आराधना, धुनोची नृत्य ने बांधा समां

54वें दुर्गा पूजा उत्सव में पुष्पांजलि, विशाल भंडारे और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रही धूम, देर रात तक उमड़े श्रद्धालु

काशीपुर (काशीपुर वार्ता)। आवास विकास स्थित पंडित दीन दयाल पार्क में सार्वजनिक श्री दुर्गा उत्सव समिति की ओर से आयोजित 54वें दुर्गा पूजा उत्सव में शनिवार को भक्ति, श्रद्धा और उल्लास का अनूठा संगम देखने को मिला। सुबह से ही पूजा मंडप में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटनी शुरू हो गई। मां दुर्गा की विधिवत पूजा-अर्चना, पुष्पांजलि, प्रसाद वितरण, विशाल भंडारे और पारंपरिक धुनोची नृत्य ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। कोलकाता से आए पुजारी ने विधि-विधान से मां दुर्गा की पूजा संपन्न कराई, जिसके बाद श्रद्धालुओं ने मां के चरणों में पुष्पांजलि अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। पूजा के उपरांत प्रसाद वितरण किया गया, जबकि दोपहर में समिति की ओर से विशाल भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। शाम को पूजा-अर्चना के बाद मां दुर्गा की आरती की गई। इस दौरान महिलाओं ने दोनों हाथों में धुनोची लेकर पारंपरिक धुनोची नृत्य प्रस्तुत किया। धूप की सुगंध और भक्ति संगीत के बीच महिलाओं के मनमोहक नृत्य ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। मां दुर्गा के जयकारों से पूजा मंडप गुंजायमान हो उठा। रात में छोटे बच्चों ने नृत्य और गायन की आकर्षक प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का दर्शकों ने खूब आनंद लिया और देर रात तक कार्यक्रम चलता रहा। पूजा मंडप में भंडारा भी देर रात तक जारी रहा। समिति के प्रवक्ता संजय राय ने बताया कि दुर्गा पूजा उत्सव का उद्देश्य धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक एकता और सांस्कृतिक परंपराओं को बढ़ावा देना है। इस अवसर पर समिति अध्यक्ष संजय राय, अरुण सान्याल, संदीप बनर्जी, परितोष मजूमदार, अनमोल, संजीव राय, मृणाल घोष, डीके दास, प्रिया बनर्जी, सोनाली मजूमदार, तृप्ति राय, बिपाशा राय और सुष्मिता सान्याल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

 

👁 1,064 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *