53 दुकानों पर स्वदेशी उत्पादों की खरीदारी का मिलेगा अवसर, गरीब दुकानदारों और स्वयं सहायता समूहों को मिला मंच
काशीपुर (काशीपुर वार्ता)। नगर निगम परिसर में दूसरी बार आयोजित भव्य दीपावली स्वदेशी मेले का सोमवार दोपहर महापौर दीपक बाली ने विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने नगर एवं क्षेत्रवासियों से मेले में पहुंचकर स्वदेशी उत्पादों की खरीदारी करने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वदेशी वस्तुओं को प्रोत्साहन देकर आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को मजबूती देने के साथ ही छोटे और गरीब दुकानदारों का उत्साहवर्धन भी किया जा सकता है। उल्लेखनीय है कि पूर्व में दीपावली मेला जीजीआईसी के सामने पुरानी जेल परिसर में आयोजित होता था, लेकिन वहां मल्टीपार्किंग का निर्माण शुरू होने के कारण मेले के आयोजन में परेशानी आ रही थी। इससे छोटे दुकानदारों के सामने रोजगार का संकट खड़ा हो गया था। दुकानदारों की समस्या को देखते हुए महापौर दीपक बाली ने पिछले वर्ष नगर निगम परिसर में मेले के आयोजन की पहल की थी। पिछले वर्ष मिली सफलता के बाद इस बार भी इसी स्थान पर मेले का आयोजन किया गया है। मेला दीपावली तक जारी रहेगा। मेले में कुल 53 दुकानें लगाई गई हैं, जिनमें मिट्टी के दीये, मूर्तियां, हस्तनिर्मित उत्पाद, चूड़ियां, सौंदर्य प्रसाधन, इलेक्ट्रिक झालरें, प्लास्टिक की मालाएं, तस्वीरें और खानपान के स्टाल शामिल हैं। स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा तैयार मिट्टी की मूर्तियां, हस्तनिर्मित पायदान, दरी, गुलदस्ते, टोकरियां, बेडशीट, कुशन कवर तथा गोबर से बने उत्पाद आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। इसके अलावा पीओपी से बनी मूर्तियां और हथकरघा डिजाइन सेंटर की प्रदर्शनी भी लगाई गई है। हथकरघा डिजाइन सेंटर का संचालन राज्य स्तर पर सम्मानित मोहम्मद इसरार हुसैन कर रहे हैं। मेले में बनाया गया विशेष सेल्फी प्वाइंट भी लोगों को आकर्षित कर रहा है। यहां पहुंचकर लोग तस्वीरें खिंचवा रहे हैं और पिछले वर्ष की यादें साझा कर रहे हैं। ग्राहकों और दुकानदारों की सुरक्षा के लिए भी व्यापक इंतजाम किए गए हैं। उद्घाटन अवसर पर महापौर ने विभिन्न स्टालों का निरीक्षण कर दुकानदारों को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। साथ ही दुकानदारों एवं उपस्थित लोगों को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर नगर आयुक्त रविंद्र सिंह बिष्ट, सहायक नगर आयुक्त विनोद लाल शाह, शालिनी नेगी, कार्यालय अधीक्षक विकास शर्मा, चौधरी समरपाल सिंह, सफाई निरीक्षक दिनेश ध्यानी, पार्षद पुष्कर बिष्ट, सीमा सागर, प्रिंस बाली, बीना नेगी सहित नगर निगम के कर्मचारी एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन कर अधीक्षक अनिरुद्ध गौड़ ने किया।



