केक काटकर दी शुभकामनाएं, संस्कार केंद्र के बच्चों ने भाषण और खेलकूद प्रतियोगिताओं में दिखाया उत्साह
काशीपुर (काशीपुर वार्ता)। सूर्या रोशनी लिमिटेड के काशीपुर प्लांट में पद्मश्री जयप्रकाश अग्रवाल का जन्मदिन बच्चों के बीच हर्षोल्लास, उमंग और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर सूर्या फाउंडेशन की आदर्श गाँव योजना के अंतर्गत उनके द्वारा गोद लिए गए गाँव में संचालित संस्कार केंद्र के बच्चों को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया। कार्यक्रम में बच्चों के साथ खुशियां साझा करते हुए जन्मदिन समारोह को यादगार बनाया गया।
समारोह का शुभारंभ सूर्या रोशनी लिमिटेड काशीपुर के प्लांट हेड शुभम चमोली, टेक्निकल हेड मनीष गुप्ता, सीओ आशुतोष मिश्रा एवं सूर्या फाउंडेशन के स्टाफ की उपस्थिति में केक काटकर किया गया। इस दौरान सभी ने पद्मश्री जयप्रकाश अग्रवाल के स्वस्थ, सुखद एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। कार्यक्रम के दौरान संस्कार केंद्र के बच्चों को सूर्या रोशनी लिमिटेड के काशीपुर प्लांट का भ्रमण कराया गया। इस दौरान बच्चों ने औद्योगिक इकाई की कार्यप्रणाली को नजदीक से देखा और उत्पादन से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की। प्लांट भ्रमण बच्चों के लिए एक नया और ज्ञानवर्धक अनुभव रहा।
बच्चों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से भाषण प्रतियोगिता, खेलकूद प्रतियोगिता सहित कई रोचक गतिविधियों का आयोजन भी किया गया। प्रतियोगिताओं में बच्चों ने पूरे उत्साह और आत्मविश्वास के साथ प्रतिभाग किया। उनकी प्रतिभा और उमंग ने कार्यक्रम में विशेष आकर्षण पैदा किया। आयोजकों ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ व्यवहारिक ज्ञान, रचनात्मकता और आत्मविश्वास से जोड़ने का बेहतर माध्यम हैं। ऐसे प्रयासों से बच्चों को नए अनुभव प्राप्त होते हैं और उनके व्यक्तित्व विकास को भी प्रोत्साहन मिलता है।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने पद्मश्री जयप्रकाश अग्रवाल के प्रति सम्मान एवं आभार व्यक्त करते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य, सुखद जीवन और दीर्घायु की मंगलकामना की। बच्चों के साथ खुशियां बांटने और उन्हें नई जानकारियों से जोड़ने वाला यह आयोजन उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।



