नन्हे कदम, बड़े सपने: समयपूर्व जन्मे बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए उत्तराखंड में जागरूकता अभियान

नियमित फॉलो-अप, माँ का दूध और विकास की निगरानी पर विशेष जोर

देहरादून/ कशीपुर (काशीपुर वार्ता)। समय से पहले जन्मे बच्चों को केवल जीवन देना ही नहीं, बल्कि उन्हें स्वस्थ और बेहतर भविष्य देना भी हमारी साझा जिम्मेदारी है। इसी संदेश के साथ नेशनल नियोनेटोलॉजी फोरम (एनएएनएफ), भारत के देशव्यापी अभियान के अंतर्गत उत्तराखंड में विश्व समयपूर्व जन्म दिवस के अवसर पर जागरूकता कार्यक्रमों की पहल की जा रही है। इस वर्ष की थीम “Small Babies, Big Potential: Invest in Their Follow-up Care” है। इसका संदेश है—“नन्हे बच्चे, अपार संभावनाएँ: उनकी नियमित देखभाल में निवेश करें।” 15 से 22 नवंबर तक चलने वाले इस अभियान में समयपूर्व जन्मे बच्चों की अस्पताल से छुट्टी के बाद की देखभाल को विशेष प्राथमिकता दी गई है। उत्तराखंड में अभियान के राज्य समन्वयक डॉ. अल्पा गुप्ता, डॉ. शांतनु शुभम, डॉ. रवि सहोता एवं डॉ. राकेश कुमार हैं। इनके समन्वय में चिकित्सकों, नर्सों, स्वास्थ्यकर्मियों और अभिभावकों को इस अभियान से जोड़ने तथा नियमित फॉलो-अप का संदेश अधिक से अधिक परिवारों तक पहुँचाने पर जोर दिया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत वॉकाथॉन, अभिभावक जागरूकता सत्र, कंगारू मदर केयर (केएमसी) का प्रदर्शन, स्तनपान एवं पोषण संबंधी जानकारी तथा एनसीसीयू से स्वस्थ होकर घर लौटे बच्चों और उनके परिवारों के पुनर्मिलन जैसे कार्यक्रमों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। समयपूर्व जन्म के प्रति जागरूकता के प्रतीक के रूप में बैंगनी रंग की थीम भी अभियान का हिस्सा है। आधुनिक नवजात चिकित्सा ने समयपूर्व जन्मे बच्चों का जीवन बचाने में उल्लेखनीय प्रगति की है। लेकिन अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद भी कुछ बच्चों को पोषण, शारीरिक वृद्धि, आँखों, सुनने की क्षमता और विकास से जुड़ी अतिरिक्त देखभाल की आवश्यकता हो सकती है। नियमित जाँच से ऐसी समस्याओं की समय पर पहचान और उपचार में सहायता मिलती है।

उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियों और दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों में रहने वाले परिवारों की जरूरतों को देखते हुए, अस्पताल से छुट्टी के समय अभिभावकों को स्पष्ट फॉलो-अप योजना देना विशेष महत्त्व रखता है। परिवारों को यह जानकारी मिलनी चाहिए कि अगली जाँच कब और कहाँ होगी तथा आवश्यकता पड़ने पर किस स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करना है। नेशनल नियोनेटोलॉजी फोरम इंडिया के अध्यक्ष डॉ. ललन के. भारती का संदेश है कि समयपूर्व जन्मे बच्चों के प्रति हमारी जिम्मेदारी एनआईसीयू से छुट्टी मिलने के साथ समाप्त नहीं होती। नियमित फॉलो-अप, उचित पोषण, आँखों और सुनने की क्षमता की जाँच तथा विकास संबंधी सहायता उनके बेहतर भविष्य की बुनियाद हैं। अभियान के माध्यम से अभिभावकों से अपील की गई है कि वे बच्चे को माँ का दूध दें, चिकित्सकीय सलाह के अनुसार कंगारू मदर केयर अपनाएँ और निर्धारित जाँच की तारीखों का पालन करें। चिकित्सक द्वारा बताई गई समय-सारणी के अनुसार आँखों की जाँच—विशेषकर आरओपी स्क्रीनिंग—श्रवण परीक्षण और विकास की निगरानी करवाएँ। यह राष्ट्रीय अभियान डॉ. ललन के. भारती, अध्यक्ष, नेशनल नियोनेटोलॉजी फोरम इंडिया एवं डॉ. अमित उपाध्याय, महासचिव, नेशनल नियोनेटोलॉजी फोरम इंडिया के नेतृत्व में संचालित किया जा रहा है। राष्ट्रीय समन्वय समिति में डॉ. सोमशेखर निंबालकर (अध्यक्ष), डॉ. रवि सचान (सह-अध्यक्ष), डॉ. अवनीत कौर (संयोजक), डॉ. कमल अरोड़ा एवं डॉ. विष्णु मोहन पी.टी. (समन्वयक), डॉ. किरण मोरे (संयुक्त समन्वयक) तथा डॉ. वी.सी. मनोज (सलाहकार) शामिल हैं।

नन्हे कदम, बड़े सपने—अस्पताल से घर तक, देखभाल का साथ बना रहे।

समयपूर्व जन्मे बच्चों की नियमित देखभाल और सही मार्गदर्शन से संवर सकता है उनका भविष्य : डॉ. रवि सहोता

काशीपुर (काशीपुर वार्ता)। सहोता मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल के प्रबंधक एवं शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. रवि सहोता ने कहा कि समयपूर्व जन्म लेने वाले प्रत्येक बच्चे में अपार संभावनाएं होती हैं। जरूरत है तो बस समय पर उचित उपचार, बेहतर पोषण, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण और परिवार के सहयोग की। ऐसे बच्चों की देखभाल केवल अस्पताल तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि घर लौटने के बाद भी उनकी वृद्धि एवं विकास पर विशेष ध्यान देना जरूरी है। उन्होंने कहा कि मां का दूध नवजात के लिए सर्वोत्तम आहार है। कंगारू मदर केयर, नियमित फॉलोअप तथा आंखों, सुनने की क्षमता और शारीरिक एवं मानसिक विकास की समय-समय पर जांच से संभावित समस्याओं की पहचान कर उनका समय रहते उपचार किया जा सकता है। अभिभावकों को चिकित्सकों की सलाह और निर्धारित जांच की तारीखों का पालन करना चाहिए। डॉ. सहोता ने कहा कि हर नन्ही जिंदगी अनमोल है। सही देखभाल, जागरूकता और समय पर उपचार से समयपूर्व जन्मे बच्चों को भी स्वस्थ, सुरक्षित और उज्ज्वल भविष्य दिया जा सकता है।

 

👁 1,010 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *