प्रिया रावत ने प्रथम स्थान हासिल कर बढ़ाया विद्यालय का मान

काशीपुर। नगर के ग्राम खरमासा स्थित होली एंजल पब्लिक स्कूल की मेधावी छात्रा प्रिया रावत ने आईआईएम काशीपुर में आयोजित ‘उत्तिष्ठा 2026’ की स्पेल बी प्रतियोगिता (कक्षा 1 से 12 श्रेणी) में प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में काशीपुर क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी भाषा दक्षता का प्रदर्शन किया। स्पेल बी प्रतियोगिता एक महत्वपूर्ण शैक्षणिक मंच है, जिसमें विद्यार्थियों की अंग्रेज़ी शब्दावली, सही वर्तनी (स्पेलिंग), उच्चारण तथा स्मरण शक्ति की परीक्षा ली जाती है। प्रतिभागियों को शब्द सुनकर अथवा देखकर उनकी शुद्ध स्पेलिंग बोलनी या लिखनी होती है। प्रतियोगिता के विभिन्न चरणों में कठिन शब्दों के माध्यम से प्रतिभागियों की एकाग्रता, आत्मविश्वास और त्वरित सोच की क्षमता का परीक्षण किया जाता है। कड़े मुकाबले और कई दौर की प्रतिस्पर्धा के बाद प्रिया रावत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। उनकी यह सफलता उनकी निरंतर मेहनत, लगन, अनुशासन और शैक्षणिक उत्कृष्टता का प्रमाण है। प्रतिष्ठित संस्थान के मंच पर शीर्ष स्थान प्राप्त करना न केवल उनके लिए बल्कि पूरे विद्यालय परिवार के लिए गौरव का क्षण है।

अपनी इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए प्रिया ने सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और शिक्षकों को दिया। उन्होंने कहा कि उनके निरंतर मार्गदर्शन, प्रोत्साहन और सहयोग से ही वह यह उपलब्धि हासिल कर सकीं। विद्यालय के एमडी, डायरेक्टर्स, प्रधानाचार्या एवं अकेडमिक डायरेक्टर दीपिका अग्रवाल सहित समस्त शिक्षक एवं स्टाफ ने प्रिया एवं उनके माता-पिता को इस उल्लेखनीय सफलता पर हार्दिक बधाई और शुभकामनाएँ दीं। दीपिका अग्रवाल ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रिया भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय, क्षेत्र और प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करती रहेंगी।
