होली एंजेल पब्लिक स्कूल में महाशिवरात्रि का भव्य आयोजन

शिव की लीलाओं की मनमोहक प्रस्तुतियों ने बांधा समां, सभी ने की सराहना

काशीपुर। नगर के ग्राम खरमासा स्थित होली एंजेल पब्लिक स्कूल में महाशिवरात्रि का पर्व श्रद्धा, उल्लास और भक्तिमय वातावरण में धूमधाम से मनाया गया। विद्यालय परिसर ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से गूंज उठा और पूरा वातावरण शिवमय हो गया। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान शिव के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्प अर्पण के साथ किया गया। विद्यालय की प्रधानाचार्या एवं एकेडमिक डायरेक्टर दीपिका अग्रवाल ने सभी शिक्षकगण, छात्र-छात्राओं एवं अभिभावकों को महाशिवरात्रि की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि महाशिवरात्रि केवल एक पर्व नहीं, बल्कि आत्मचिंतन, संयम और आध्यात्मिक जागरण का प्रतीक है। भगवान शिव की शिक्षाएं हमें सत्य, धैर्य और करुणा का मार्ग अपनाने की प्रेरणा देती हैं।

इस अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा शिव स्तुति, भजन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की आकर्षक प्रस्तुतियां दी गईं। विशेष रूप से भगवान शिव की लीलाओं पर आधारित शानदार नृत्य-नाटिकाओं ने उपस्थित सभी लोगों का मन मोह लिया। विद्यार्थियों ने शिव-तांडव, समुद्र मंथन, माता पार्वती विवाह एवं गंगा अवतरण जैसी पौराणिक झांकियों का सजीव मंचन कर दर्शकों को भाव-विभोर कर दिया। इन प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। कार्यक्रम की उत्कृष्ट प्रस्तुति और विद्यार्थियों की प्रतिभा की सभी ने मुक्त कंठ से सराहना की। शिक्षकों एवं अभिभावकों ने बच्चों के आत्मविश्वास और रचनात्मकता की प्रशंसा करते हुए विद्यालय प्रबंधन को सफल आयोजन के लिए बधाई दी। समारोह में समस्त शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। अंत में सभी ने मिलकर भगवान शिव से देश, समाज और विद्यालय परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण और प्रेरणादायक वातावरण में संपन्न हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *