सह–सहयोजक अशोक धीमान ने बताया कि कार्यक्रम की तैयारियाँ पूर्ण कर ली गई हैं
काशीपुर। (काशीपुर वार्ता)। स्वामी विवेकानन्द योग पार्क, आवास विकास काशीपुर में आगामी 22 फरवरी (रविवार) प्रातः 11 बजे से विशाल हिंदू सम्मेलन का भव्य आयोजन किया जाएगा। आयोजन समिति के अनुसार यह सम्मेलन सनातन संस्कृति के संरक्षण, राष्ट्रीय चेतना के जागरण, सामाजिक समरसता के संवर्धन तथा हिंदू समाज की एकता को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। सम्मेलन में विभिन्न विषयों पर विचारशील वक्ताओं द्वारा प्रेरणादायी उद्बोधन प्रस्तुत किए जाएंगे। धर्म, संस्कृति और समाज से जुड़े समसामयिक मुद्दों पर मार्गदर्शन के साथ-साथ संगठनात्मक एकता और सामूहिक चिंतन पर विशेष चर्चा होगी। आयोजकों का कहना है कि यह आयोजन क्षेत्र में सामाजिक समन्वय और सांस्कृतिक जागरूकता को नई दिशा प्रदान करेगा। आयोजन समिति ने समस्त धर्मप्रेमी बंधुओं, मातृशक्ति, युवा साथियों एवं क्षेत्र के जागरूक नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है। आयोजकों ने आह्वान किया है कि धर्म, संस्कृति और राष्ट्रहित के लिए सभी एकजुट होकर इस ऐतिहासिक सम्मेलन में सहभागिता करें। हिंदू सम्मेलन आयोजन समिति, काशीपुर के सह–सहयोजक अशोक धीमान ने बताया कि कार्यक्रम की तैयारियाँ पूर्ण कर ली गई हैं और व्यापक स्तर पर जनसंपर्क अभियान भी चलाया जा रहा है।
