
श्रीराम संस्थान परिवार ने अतिथियों का आभार व्यक्त किया
काशीपुर (काशीपुर वार्ता)। श्रीराम इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी, काशीपुर (एसएमआईटी) के पीजी कॉन्फ्रेंस हॉल में आज एक प्रेरणादायी एक्सपर्ट टॉक का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्य वक्ता के रूप में आईआईटी रुड़की के प्रोफेसर (एचएजी) एवं प्रख्यात वैल्यू एजुकेटर डॉ. नवनीत अरोड़ा ने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को संबोधित किया। अपने व्याख्यान “उच्च भावनाएं और मानव संबंध” विषय पर डॉ. अरोड़ा ने जीवन में सकारात्मक भावनाओं, मानवीय संबंधों और मूल्य आधारित सफलता के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि वास्तविक सफलता वही है जो व्यक्ति को संतोष, स्थिरता और समाज के प्रति उत्तरदायित्व का भाव दे। उनका सरल, संवेदनशील एवं प्रेरक व्यक्तित्व ने श्रोताओं को गहराई से प्रभावित किया।

इस अवसर पर भोपाल से पधारे विशिष्ट अतिथि राजेश रमानी भी उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को ऐसे सत्रों से अधिकतम सीख लेने और जीवन में मूल्यों को अपनाने की प्रेरणा दी। डॉ. अरोड़ा कई प्रेरणादायी पुस्तकों के लेखक हैं तथा बेहतर जीवन प्रशिक्षण संस्थान के संस्थापक के रूप में देश-विदेश में सैकड़ों प्रेरक व्याख्यान दे चुके हैं। उनका प्रसिद्ध संदेश ” हम जो पाते हैं उससे जीवन चलता है, लेकिन हम जो देते हैं उससे जीवन बनता है” कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा। कार्यक्रम के अंत में संस्थान के अध्यक्ष रविंद्र कुमार, निदेशक प्रोफेसर डॉ. योगराज सिंह, प्राचार्य डॉ. एसएस कुशवाहा ने मुख्य वक्ता एवं अतिथि का आभार व्यक्त किया।
