
अपराधियों पर सख्ती, कानून व्यवस्था से कोई समझौता नहीं : एसएसपी अजय गणपति
काशीपुर। कोतवाली परिसर में आज वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति की अध्यक्षता में सीएलजी (कम्युनिटी लायजन ग्रुप) सदस्यों एवं शहर के गणमान्य व्यक्तियों के साथ एक महत्वपूर्ण गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाना, आगामी कार्यक्रमों के मद्देनज़र सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करना तथा ट्रैफिक प्रबंधन और सामुदायिक पुलिसिंग को प्रभावी बनाना रहा। बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने उपस्थित सदस्यों से संवाद करते हुए कहा कि पुलिस और आमजन के बीच बेहतर समन्वय से ही अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण संभव है। उन्होंने कहा कि सामुदायिक सहयोग के बिना कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना कठिन है, इसलिए सीएलजी सदस्यों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। गोष्ठी में आगामी धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों को लेकर सुरक्षा प्रबंधों की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था को सुदृढ़ करने, बाजारों एवं मुख्य चौराहों पर ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने तथा असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। गणमान्य नागरिकों एवं सीएलजी सदस्यों ने भी क्षेत्र में बढ़ते ट्रैफिक दबाव, अतिक्रमण, रात्रि गश्त की आवश्यकता और युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने पुलिस-जन संवाद को नियमित करने तथा मोहल्ला स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम चलाने का सुझाव दिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने सभी सुझावों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए और आश्वस्त किया कि जनहित से जुड़े प्रत्येक बिंदु पर प्राथमिकता के आधार पर कार्यवाही की जाएगी। बैठक में चौकी एवं थाना क्षेत्र के प्रभारी निरीक्षक, पुलिस अधिकारी एवं एवं पुलिसकर्मी उपस्थिति रहे।
