डीए की घोषणा, अंतरिम राहत और ओल्ड पेंशन स्कीम लागू करने की उठी मांग

काशीपुर (काशीपुर वार्ता)। पूर्वोत्तर रेलवे पेंशनर्स एसोसिएशन की मासिक बैठक रेलवे स्कूल परिसर में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता रेलवे यूनियन के पूर्व अध्यक्ष सुरेश शर्मा ने की, जबकि संचालन पेंशनर्स एसोसिएशन के सचिव एसएस सिन्हा ने किया। बैठक को संबोधित करते हुए सुरेश शर्मा ने कहा कि 22 फरवरी तक भी केंद्र सरकार द्वारा रेल कर्मचारियों एवं पेंशनर्स के लिए जनवरी माह के महंगाई भत्ते (डीए) की घोषणा नहीं की गई है। उन्होंने केंद्र सरकार से शीघ्र 3 से 4 प्रतिशत तक डीए बढ़ोतरी की घोषणा करने की मांग की। साथ ही 8वें वेतन आयोग की रिपोर्ट आने तक पेंशनर्स को अंतरिम राहत प्रदान करने की भी मांग उठाई। उन्होंने पेंशनर्स के हितों को ध्यान में रखते हुए ओल्ड पेंशन स्कीम लागू किए जाने और लंबित मांगों पर केंद्र सरकार से गंभीरता से विचार करने का आग्रह किया। बैठक में बताया गया कि शाखा सचिव एसएस सिन्हा पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे हैं, इसके बावजूद वे मासिक बैठक में शामिल हुए। उपस्थित सभी सदस्यों ने उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। इस दौरान 8 मार्च को महिला दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाली बैठक में सभी पेंशनर्स से अपनी पत्नियों सहित शामिल होने की अपील की गई। कार्यक्रम में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। बैठक में शाखा कोषाध्यक्ष राजीव पाल एवं संजय राय ने भी पेंशनर्स के हितों से जुड़े विषयों पर आवश्यक जानकारी साझा की। इस अवसर पर पांच पेंशनर्स—सुदर्शन विश्वकर्मा, सुभाष चंद्र घोषाल, एस.के. अवस्थी, दयाराम और गुलफाम सिंह—का जन्मदिन माल्यार्पण, शाल ओढ़ाकर और लड्डू खिलाकर धूमधाम से मनाया गया। उपस्थित सभी सदस्यों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। बैठक में संजय राय, वीरेंद्र पाल, सुभाष चंद्र घोषाल, कृष्ण पाल सिंह, सुरेश कुमार, रहीश अहमद, शब्बन खां, लालता प्रसाद, एस.एम. परमार, राजकुमार, जौहर अली सहित अनेक पेंशनर्स मौजूद रहे।
