सहपाठियों संग पुलिसकर्मियों व सेवानिवृत्त सैन्य अधिकारियों को भी बांधी राखी
काशीपुर (कशीपुर वार्ता)। होली एंजेल पब्लिक स्कूल, खरमासा में रक्षाबंधन पर्व को पारंपरिक भाई-बहन के स्नेह से आगे बढ़ाते हुए प्रेम, आपसी सम्मान, सामाजिक सद्भाव और राष्ट्रसेवा के प्रति कृतज्ञता के भाव के साथ मनाया गया। विद्यालय में आयोजित विशेष राखी कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने सुरक्षा और सेवा से जुड़े लोगों के प्रति सम्मान प्रकट कर पर्व के सामाजिक सरोकारों को भी रेखांकित किया। कार्यक्रम के तहत प्री-नर्सरी से कक्षा दो तक की छात्राओं ने अपने सहपाठी छात्रों की कलाई पर राखी बांधी। इस दौरान विद्यार्थियों ने एक-दूसरे के प्रति स्नेह, सम्मान, सहयोग और सौहार्द की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया।
वहीं, कक्षा छह से 10 तक के विद्यार्थी कुंडेश्वरी पुलिस चौकी पहुंचे और पुलिस कर्मियों की कलाई पर राखी बांधकर समाज की सुरक्षा, शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में उनके महत्वपूर्ण योगदान के प्रति सम्मान एवं आभार व्यक्त किया। विद्यार्थियों ने सेवानिवृत्त सैन्य अधिकारियों को भी राखी बांधकर राष्ट्र की सुरक्षा और सेवा में उनके अमूल्य योगदान के प्रति कृतज्ञता प्रकट की।
निदेशक-प्रधानाचार्य सुबोध कुमार सिंह ने दी बधाई और शुभकामनाएं
कशीपुर (कशीपुर वार्ता)। विद्यालय के निदेशक-प्रधानाचार्य सुबोध कुमार सिंह ने सभी को रक्षाबंधन पर्व की बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि रक्षाबंधन हमें केवल रिश्तों की डोर से नहीं, बल्कि एक-दूसरे के प्रति जिम्मेदारी, सम्मान और सुरक्षा की भावना से भी जोड़ता है। विद्यार्थियों को समाज और राष्ट्र के प्रति कर्तव्य एवं कृतज्ञता का भाव समझाना ही इस आयोजन का उद्देश्य है।
रक्षाबंधन प्रेम के साथ सेवा, सुरक्षा और सम्मान का भी पर्व : अमित सिंह
कशीपुर (कशीपुर वार्ता)। विद्यालय के चेयरमैन अमित सिंह ने कहा कि रक्षाबंधन केवल पारिवारिक रिश्तों और भाई-बहन के स्नेह का पर्व नहीं, बल्कि समाज में प्रेम, सम्मान, सुरक्षा, सेवा और मानवीय संवेदनाओं को मजबूत करने का अवसर भी है। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में सेवा भावना, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्र के प्रति सम्मान जैसे संस्कार विकसित करना रहा। इस अवसर पर उन्होंने राष्ट्र एवं समाज की सेवा में समर्पित सभी पुलिसकर्मियों, सैन्य कर्मियों और पूर्व सैनिकों के प्रति सम्मान एवं आभार व्यक्त किया।







