किसान विकास क्लब की मासिक बैठक में गूंजे बकाया भुगतान और सिंचाई के मुद्दे

काशीपुर चीनी मिल का 2012 का गन्ना भुगतान दिलाने, धान व पौधों के मूल्य शीघ्र जारी करने तथा ट्यूबवेल बिजली मुफ्त करने की मांग

काशीपुर (काशीपुर वार्ता)। किसान विकास क्लब (उत्तराखंड) की मासिक बैठक अनाज मंडी काशीपुर स्थित गेस्ट हाउस में प्रदेश अध्यक्ष अरुण कुमार शर्मा की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक का संचालन क्लब के सचिव श्वेतांशु चतुर्वेदी ने किया। बैठक में किसानों ने विभिन्न लंबित भुगतान और सिंचाई संबंधी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। किसानों ने कहा कि बंद हो चुकी काशीपुर चीनी मिल का वर्ष 2012 का गन्ना मूल्य आज तक अदा नहीं किया गया है, जबकि मामला न्यायालय में विचाराधीन है। किसानों का कहना है कि उन्होंने गन्ना सरकारी गन्ना समिति के माध्यम से चीनी मिल को दिया था, न कि सीधे मिल को। ऐसे में सरकार को किसी मद से शीघ्र भुगतान कराना चाहिए। किसानों ने यह भी कहा कि भुगतान की प्रतीक्षा करते-करते कुछ किसानों का निधन भी हो चुका है। बैठक में यह मुद्दा भी उठाया गया कि सरकारी क्रय केंद्रों पर धान बेचने वाले कई किसानों को अब तक भुगतान नहीं मिला है। किसानों ने प्रशासन से शीघ्र भुगतान सुनिश्चित कराने की मांग की। उद्यान विभाग से संबंधित मामले में किसानों ने बताया कि जिला नैनीताल एवं उधम सिंह नगर के विभिन्न पौधालयों द्वारा वर्ष 2024 एवं 2025 में किसानों से विभिन्न पौधे क्रय किए गए थे, किंतु दो वर्ष बीतने के बाद भी भुगतान नहीं हुआ है। किसानों ने सरकार से शीघ्र भुगतान कराने की मांग की।
सिंचाई व्यवस्था पर चर्चा करते हुए किसानों ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा छूट पर बनवाई जाने वाली ईंटों की नालियां कुछ ही दिनों में क्षतिग्रस्त हो जाती हैं, जिससे पानी की बर्बादी होती है। किसानों ने सुझाव दिया कि 6 इंच की पीवीसी पाइपलाइन, जिसे लगभग तीन फीट जमीन में दबाकर सिंचाई की जाती है, अधिक प्रभावी है। इस पर अनुदान दिए जाने की मांग की गई। बैठक में सर्वसम्मति से यह भी प्रस्ताव रखा गया कि उत्तर प्रदेश एवं पंजाब की तर्ज पर उत्तराखंड में भी किसानों के ट्यूबवेलों को मुफ्त बिजली उपलब्ध कराई जाए। किसानों का कहना था कि उत्तराखंड ऊर्जा प्रदेश है, इसलिए यह सुविधा दी जानी चाहिए। इस अवसर पर पूर्व ब्लॉक प्रमुख रवि कुमार, टीका सिंह सैनी, मीडिया प्रमुख सुरेश शर्मा, सुभाष शर्मा, उपेंद्र शर्मा, चौधरी सत्यपाल सिंह, लक्ष्मी कांत शर्मा, सुभाष चौधरी, अपूर्व मेहरोत्रा, अनुज शर्मा, रवि छाबड़ा, नरेंद्र सिंह सहित अन्य किसान उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *