धान की खेती से जुड़ी समस्याओं के समाधान और कीटनाशक उत्पादों की दी जाएगी विस्तृत जानकारी
काशीपुर (कशीपुर वार्ता)। किसान विकास क्लब (उत्तराखंड) की मासिक बैठक 17 सितंबर को प्रातः 11:30 बजे मुरादाबाद रोड स्थित अनाज मंडी, काशीपुर के गेस्ट हाउस में आयोजित की जाएगी। बैठक में किसानों की वर्तमान समस्याओं, विशेषकर धान की खेती के दौरान सामने आ रही चुनौतियों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया जाएगा। क्लब के प्रदेश अध्यक्ष अरुण कुमार शर्मा ने बताया कि बैठक में जापानी पेस्टीसाइड कंपनी निचीनो इंडिया लिमिटेड के प्रतिनिधि भी शामिल होंगे। कंपनी के प्रतिनिधियों द्वारा धान की फसल में किसानों के समक्ष आ रही विभिन्न समस्याओं तथा उनके संभावित समाधान के संबंध में जानकारी दी जाएगी। साथ ही कंपनी के कृषि उत्पादों के उपयोग एवं उनकी उपयोगिता के बारे में किसानों को विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि बैठक का उद्देश्य किसानों की समस्याओं को समझना, उनके समाधान के लिए विशेषज्ञों से जानकारी प्राप्त करना तथा कृषि क्षेत्र में उपयोगी तकनीक एवं उत्पादों से किसानों को अवगत कराना है। क्लब अध्यक्ष अरुण कुमार शर्मा ने क्षेत्र के सभी किसान भाइयों से बैठक में समय से पहुंचकर प्रतिभाग करने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं पर सामूहिक चर्चा और विशेषज्ञों से प्राप्त जानकारी खेती को बेहतर बनाने में उपयोगी साबित हो सकती है।




