मानकों से अधिक क्षमता वाली मोटर मिलने पर काशीपुर के पांच शोरूमों का आकस्मिक निरीक्षण
काशीपुर (कशीपुर वार्ता)। क्षेत्र में इलेक्ट्रिक स्कूटर एवं साइकिल की बिक्री करने वाले पांच शोरूमों का परिवहन विभाग की टीम ने आज बुधवार को आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान ऐसे इलेक्ट्रिक वाहन पाए गए, जिन्हें अधिकतम 25 किलोमीटर प्रति घंटा की गति और 250 वाट मोटर क्षमता वाले वाहन के रूप में बताया अथवा बेचा जा रहा था, जबकि कुछ वाहनों में 1000 एवं 1200 वाट की मोटर लगी मिली। ये वाहन करीब 45 किलोमीटर प्रति घंटा की गति से चलने में सक्षम पाए गए। टीम ने ऐसे पांच वाहनों को जब्त कर एआरटीओ कार्यालय काशीपुर में खड़ा कराया है।
परिवहन विभाग के अनुसार, कुछ शोरूमों में इन वाहनों की बिक्री “इलेक्ट्रिक साइकिल” के नाम पर की जा रही है। प्रथम दृष्टया ये वाहन सरकार द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए। ऐसे वाहनों को केंद्रीय मोटरयान नियमावली, 1989 के नियम 2(u) के तहत पंजीकरण एवं ड्राइविंग लाइसेंस की आवश्यकता से मुक्त वाहन के रूप में बेचे जाने की बात भी सामने आई है। विभाग द्वारा मामले की जांच की जा रही है।
अधिकारियों के मुताबिक, यदि निर्धारित मानकों से अधिक क्षमता एवं गति वाले वाहनों को बिना आवश्यक पंजीकरण और अन्य नियामकीय औपचारिकताओं के सड़क पर संचालित किया जाता है तो इससे सड़क सुरक्षा संबंधी जोखिम बढ़ सकते हैं। विशेष रूप से स्कूल एवं ट्यूशन जाने वाले विद्यार्थियों द्वारा इन वाहनों का बिना हेलमेट इस्तेमाल किए जाने की बात भी निरीक्षण के दौरान सामने आई। विभाग ने ऐसे वाहनों की बिक्री एवं संचालन से जुड़े पहलुओं की जांच शुरू कर दी है।
विभागीय टीम अब इन वाहनों के स्थानीय निर्माताओं का भी निरीक्षण करेगी। इसमें वाहनों की तकनीकी विशिष्टताओं, निर्माण संबंधी विवरण, टाइप अप्रूवल तथा निर्धारित मानकों के अनुपालन का सत्यापन किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान एक वाहन इलेक्ट्रिक दोपहिया कंपनी ओला के वाहन की हूबहू कॉपी/डुप्लीकेट जैसा पाया गया। डीलर ने टीम को बताया कि उक्त वाहन का निर्माण स्थानीय एजेंसी द्वारा किया गया है। विभाग इस मामले में भी आवश्यक जांच करेगा। निरीक्षण के दौरान पुराने वाहनों की बिक्री करने वाले एक शोरूम द्वारा वैध ट्रेड सर्टिफिकेट के बिना पुराने वाहनों की बिक्री किए जाने का मामला भी सामने आया। विभाग ने संबंधित शोरूम को नोटिस जारी किया है।
निरीक्षण दल में एआरटीओ एल्विन रॉक्सी, आरआई चंद्रकांत भट्ट, टीटीओ नंदन आर्या, टीएसआई पवार, अरशद, चंद्र मोहन, सोनिया सहित अन्य विभागीय कर्मचारी मौजूद रहे।






