प्रधानाचार्य प्रतीक गोयल ने विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता की सराहना की
काशीपुर (कशीपुर वार्ता)। उत्तराखंड के लोकपर्व हरेला के अवसर पर कृष्णा पब्लिक कॉलेजिएट, काशीपुर में पर्यावरण संरक्षण एवं हरित जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विविध गतिविधियों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों द्वारा 100 से अधिक पौधों का रोपण किया गया तथा प्रकृति संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया गया। कार्यक्रम की सबसे विशेष पहल यह रही कि विद्यालय ने विद्यार्थियों से अपने-अपने घरों से एक-एक पौधा लाने का आग्रह किया। प्रत्येक विद्यार्थी ने अपने हाथों से अपना पौधा लगाया और उसकी नियमित देखभाल का संकल्प लिया। विद्यालय का उद्देश्य केवल वृक्षारोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों में अपने कार्य के प्रति उत्तरदायित्व, प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता तथा जीवन मूल्यों का विकास करना है। यह पौधा विद्यार्थियों के विद्यालयीन जीवन की एक यादगार धरोहर बनेगा। विद्यालय में अध्ययन के दौरान वे इसकी देखभाल करेंगे और विद्यालय से उत्तीर्ण होने के बाद भी जब-जब वे अपने पौधे को बढ़ता हुआ देखेंगे, तब-तब उनका अपने विद्यालय से भावनात्मक जुड़ाव और भी मजबूत होगा। कार्यक्रम के अंतर्गत नर्सरी से कक्षा पाँच तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक वृक्षारोपण में भाग लिया। कक्षा छह से आठ के विद्यार्थियों ने “सेव आवर ग्रीनरी” विषय पर आकर्षक एवं प्रेरणादायक स्लोगन लिखकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया, जबकि कक्षा नौ एवं ग्यारह के विद्यार्थियों ने हरेला पर्व के महत्व तथा प्रकृति संरक्षण पर आधारित सुंदर एवं जागरूकता से परिपूर्ण पोस्टर तैयार किए। विद्यालय के समस्त शिक्षकों ने अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रतीक गोयल ने विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता की सराहना करते हुए कहा कि, “पर्यावरण संरक्षण केवल एक अभियान नहीं, बल्कि हमारी जीवनशैली का अभिन्न हिस्सा होना चाहिए। यदि प्रत्येक विद्यार्थी एक पौधे की जिम्मेदारी ईमानदारी से निभाए, तो हम आने वाली पीढ़ियों के लिए एक स्वच्छ, हरित और स्वस्थ भविष्य सुनिश्चित कर सकते हैं।”कार्यक्रम का समापन सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों द्वारा पर्यावरण संरक्षण की शपथ के साथ हुआ। विद्यालय परिवार ने संदेश दिया कि “आज लगाया गया एक पौधा, आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित, हरित और समृद्ध भविष्य की नींव है।
चेयरमैन डॉ अनिल कुमार सक्सेना ने दी हरेला पर्व की बधाई और शुभकामनाएं
कशीपुर (कशीपुर वार्ता)। विद्यालय के चेयरमैन डॉ. अनिल कुमार सक्सेना ने सभी को हरेला पर्व की बधाई और शुभकामनाएं देते हुए अपने संदेश में कहा, “हरेला केवल एक पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी आस्था, कृतज्ञता और उत्तरदायित्व का प्रतीक है। शिक्षा का उद्देश्य केवल ज्ञान प्रदान करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में जीवन कौशल, नैतिक मूल्यों, जिम्मेदारी और प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता का विकास करना भी है। हमें विश्वास है कि आज लगाया गया प्रत्येक पौधा विद्यार्थियों को जीवनभर अपने विद्यालय, अपनी संस्कृति और प्रकृति से जोड़कर रखेगा।” उन्होंने कहा सभी को एक पौधा जरूर लगाना चाहिए। और पौधा रोपण के बाद उसकी देखभाल और संरक्षण भी बहुत जरूरी है।






