
जिपलाइन, रैपलिंग, एटीवी बाइक राइड और हॉट एयर बैलून राइड बनीं आकर्षण का केंद्र

काशीपुर (काशीपुर वार्ता)। मुरादाबाद रोड स्थित हरियावाला चौक के पास जीडी गोयंका पब्लिक स्कूल परिसर में सोमवार को तीन दिवसीय एडवेंचर गेम्स का भव्य शुभारंभ हुआ। यह आयोजन 23 मार्च से 25 मार्च तक चलेगा। कार्यक्रम का उद्घाटन विद्यालय की प्रधानाचार्या मधुमिता बनर्जी ने प्रातः 10 बजे किया।

कार्यक्रम में बच्चों, युवाओं और परिवारों के लिए अनेक रोमांचक और मनोरंजक गतिविधियाँ आयोजित की गईं, जिनमें स्कूल के अलावा अन्य सैकड़ों स्कूली बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। एडवेंचर गेम्स के अंतर्गत जिपलाइन, डबल रोप ब्रिज, आर्चरी, पॉटरी, मंकी क्रॉलिंग, कमांडो नेट, रैपलिंग, आर्टिफिशियल वॉल क्लाइम्बिंग, एटीवी बाइक राइड, ट्रैम्पोलिन, टेंट कैंपिंग, एयर गन शूटिंग और रोप कोर्स जैसी साहसिक गतिविधियाँ प्रमुख रहीं। बच्चों के मनोरंजन के लिए मिकी माउस और फन जोकर विशेष आकर्षण का केंद्र बने रहे। इसके साथ ही डीजे और मैजिक शो ने भी माहौल को जीवंत बनाए रखा, जिससे प्रतिभागियों को भरपूर मनोरंजन का अवसर मिला।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण हॉट एयर बैलून राइड रही, जिसके माध्यम से प्रतिभागियों ने आसमान से शहर के मनोरम दृश्यों का आनंद लिया। इस राइड के लिए 7 से 8 मिनट का विशेष प्रबंध किया गया है। वहीं विद्यालय की को-एमडी रिशिता सक्सेना अग्रवाल ने बताया कि यह आयोजन काशीपुर एवं आसपास के क्षेत्रों के सभी बच्चों और युवाओं के लिए खुला है। इसका उद्देश्य साहसिक खेलों के माध्यम से युवाओं को नई ऊर्जा, अनुभव और आत्मविश्वास प्रदान करना है। कार्यक्रम से संबंधित अधिक जानकारी के लिए इच्छुक प्रतिभागी मोबाइल नंबर 8439322265 पर संपर्क कर सकते हैं।
