एसबीआई ब्रांच मैनेजर शक्ति शेखर ने दी प्रतियोगी परीक्षाओं व रोजगार अवसरों की विस्तृत जानकारी
काशीपुर (काशीपुर वार्ता)। विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य को ध्यान में रखते हुए ज्ञानार्थी कॉलेज में आज बैंकिंग क्षेत्र में रोजगार की संभावनाओं पर एक विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में भारतीय स्टेट बैंक, काशीपुर मुख्य शाखा के ब्रांच मैनेजर शक्ति शेखर उपस्थित रहे। कार्यशाला के दौरान शक्ति शेखर ने विद्यार्थियों को बैंकिंग सेक्टर में करियर बनाने के विभिन्न अवसरों, आवश्यक शैक्षणिक योग्यताओं तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने सरल और प्रेरणादायक अंदाज में विद्यार्थियों के प्रश्नों के उत्तर देते हुए उन्हें लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की सलाह दी।

कार्यक्रम की शुरुआत कॉलेज के अध्यक्ष संतोष मेहरोत्रा एवं अकेडमिक डॉयरेक्टर डॉ. मनोज मिश्रा द्वारा मुख्य अतिथि के स्वागत से हुई। इसके बाद संस्था की सेक्रेटरी शिवानी मेहरोत्रा एवं संस्थान प्रमुख प्रतिमा सिंह ने भी अतिथि का अभिनंदन किया। इस अवसर पर कॉलेज के डायरेक्टर डॉ. मनोज मिश्रा भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को ऐसे ज्ञानवर्धक कार्यक्रमों से अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।।कार्यशाला में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और बैंकिंग क्षेत्र से जुड़े अपने संदेहों का समाधान प्राप्त किया। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों को न केवल बैंकिंग सेक्टर की गहन समझ प्रदान की, बल्कि उनके भीतर आत्मविश्वास और करियर के प्रति जागरूकता भी बढ़ाई। डॉ. मनोज मिश्रा ने बताया कि कॉलेज प्रशासन भविष्य में भी इस प्रकार के उपयोगी और मार्गदर्शक कार्यक्रमों के आयोजन का आश्वासन दिया।
