महेंद्र सिंह टिकैत को श्रद्धांजलि, मुख्य कृषि अधिकारी ने किसानों को दी योजनाओं और अधिकारों की जानकारी
काशीपुर (काशीपुर वार्ता)। किसान विकास क्लब (उत्तराखंड) की मासिक बैठक शुक्रवार को अनाज मंडी स्थित गेस्ट हाउस में प्रदेश अध्यक्ष अरुण कुमार शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक का संचालन हास्य कवि संजय राजपूत ने किया। कार्यक्रम में किसानों से जुड़े विभिन्न मुद्दों, आधुनिक खेती की तकनीकों और सरकार की योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक की शुरुआत किसान नेता स्वर्गीय महेंद्र सिंह टिकैत की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। किसान विकास क्लब और भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारियों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर किसान हितों के लिए उनके योगदान को याद किया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे उधमसिंह नगर के मुख्य कृषि अधिकारी डॉ. वीके सिंह यादव ने किसानों को प्रदेश सरकार द्वारा संचालित नवीनतम कृषि योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने किसानों से सीधे संवाद करते हुए कहा कि यदि कोई दुकानदार या सहकारी समिति खाद के साथ जबरन अन्य कृषि उत्पाद बेचती है अथवा नकली खाद और दवाइयों की बिक्री करती है तो इसकी लिखित शिकायत तुरंत उन्हें दें। उन्होंने अपना मोबाइल नंबर साझा करते हुए आश्वासन दिया कि ऐसे मामलों में तत्काल कार्रवाई की जाएगी। किसानों ने डॉ. यादव की कार्यशैली और सक्रियता की सराहना की। बैठक के बाद मुख्य कृषि अधिकारी ने लालपुर गांव पहुंचकर किसान ज्ञानी प्रकट सिंह की मक्का की फसल का निरीक्षण भी किया और खेती संबंधी सुझाव दिए। इस दौरान सवाना सीड के क्षेत्रीय प्रबंधक कुलदीप सिंह ने किसानों को धान की सीधी बुवाई की “फुल पेज तकनीक” के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि फुल पेज सवाना-134 और फुल पेज सवाना-127 किस्मों के साथ ‘वजीर’ नामक खरपतवार नाशक के उपयोग से बेहतर उत्पादन प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि इस तकनीक में मात्र सात किलो बीज प्रति एकड़ की आवश्यकता होती है। कुलदीप सिंह ने बताया कि धान की सीधी बुवाई से किसानों को श्रम लागत में लगभग 30 प्रतिशत तक कमी आती है, जबकि पानी और डीजल की भी बचत होती है। इसके अलावा खेती की लागत कम होने के साथ कार्बन उत्सर्जन में कमी आती है तथा मिट्टी की उर्वरक क्षमता भी लंबे समय तक बनी रहती है।

बैठक में पूर्व ब्लॉक प्रमुख रवि सिंह, पूर्व चीफ इंजीनियर सुभाष गुप्ता, जिला पंचायत सदस्य मोहम्मद हसन, टीका सिंह सैनी, क्लब सचिव श्वेतांशु चतुर्वेदी, बलजिंदर सिंह संधू, हिरदेश चौहान, कल्याण सिंह सहित बड़ी संख्या में किसान और गणमान्य लोग मौजूद रहे। पंतनगर विश्वविद्यालय से आई छात्राएं तेजस्विनी कांडपाल, भूमिका तिवारी और दीक्षा रावत ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।



