डीडीएम डीएवी पब्लिक स्कूल, काशीपुर की छात्रा ने 500 में से 493 अंक हासिल कर रचा कीर्तिमान, डॉक्टर बनकर समाज सेवा का सपना

काशीपुर (काशीपुर वार्ता)। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) द्वारा घोषित 10वीं बोर्ड परीक्षा परिणाम में काशीपुर के अलीगंज रोड स्थित डीडीएम डीएवी पब्लिक स्कूल की मेधावी छात्रा निवेदिता बिष्ट ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 98.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय, परिवार और क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया है। निवेदिता ने कुल 500 अंकों में से 493 अंक हासिल किए। विषयवार प्रदर्शन में उन्होंने अंग्रेजी में 100, हिंदी में 94, गणित में 95, विज्ञान में 100, सामाजिक विज्ञान में 98 तथा अतिरिक्त विषय इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी में 100 अंक प्राप्त किए। उनके इस उत्कृष्ट परिणाम ने यह साबित कर दिया कि मेहनत, अनुशासन और समर्पण से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
निवेदिता के पिता धर्मराज सिंह बिष्ट, जो स्वयं डीएवी पब्लिक स्कूल काशीपुर में स्पोर्ट्स कोच हैं, और माता अनिता बिष्ट गृहिणी हैं। बेटी की इस उपलब्धि पर परिवार में खुशी का माहौल है। निवेदिता ने अपनी सफलता का श्रेय अपने गुरुजनों, शिक्षकों और माता-पिता के मार्गदर्शन को दिया। भविष्य की योजनाओं के बारे में बताते हुए नवेदिता ने कहा कि वह डॉक्टर बनकर समाज और विशेष रूप से जरूरतमंद रोगियों की सेवा करना चाहती हैं।


निवेदिता की इस उल्लेखनीय सफलता पर विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. एस.के. चौबे सहित बृजेश रावल, अमित नेगी, उमेश शर्मा, कमल जीना, सप्तिंदरजीत कौर, गीता उपाध्याय, संतोषी जोशी और विद्यालय के समस्त शिक्षक व स्टाफ ने उन्हें बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इसके अलावा उत्तराखंड एथलेटिक्स चयन समिति के चेयरमैन विजेंद्र चौधरी समेत क्षेत्र के अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने भी निवेदिता को शुभकामनाएं देते हुए इसे पूरे क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।
