मुड़िया कलां में विभागीय योजनाओं की समीक्षा, पारदर्शिता और समयबद्ध क्रियान्वयन पर दिया जोर
काशीपुर (कशीपुर वार्ता)। राज्य के गन्ना आयुक्त त्रिलोक सिंह मर्तोलिया ने गन्ना विकास परिषद बाजपुर के अंतर्गत ग्राम मुड़िया कलां में चल रहे गन्ना सर्वेक्षण कार्यों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा करते हुए कार्यों की गुणवत्ता और व्यवस्था पर संतोष व्यक्त किया। गन्ना आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी विभागीय योजनाओं का संचालन पूर्ण पारदर्शिता और समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसानों को योजनाओं का अधिकतम लाभ मिल सके। उन्होंने विशेष रूप से गन्ना सर्वेक्षण कार्य को निर्धारित समय सीमा के भीतर त्रुटिरहित ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभागीय पौधशाला का भी अवलोकन किया और वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं तथा पौध उत्पादन संबंधी गतिविधियों की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने क्षेत्रीय किसानों के साथ बैठक कर विभागीय योजनाओं, गन्ना विकास कार्यक्रमों और किसानों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। किसानों से सीधे संवाद करते हुए उन्होंने उनकी समस्याओं और सुझावों को भी सुना। गन्ना आयुक्त ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है और गन्ना विकास से जुड़ी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों से किसानों के साथ निरंतर संवाद बनाए रखने और योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर बल दिया। इस अवसर पर सहायक गन्ना आयुक्त आशीष नेगी, गन्ना प्रबंधक सनवाल, गन्ना विकास निरीक्षक विनोद कुमार सिंह, गन्ना पर्यवेक्षक जितेंद्र शर्मा सहित विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।




