कक्षा 10वीं में 90% से अधिक अंक लाकर विद्यार्थियों ने बढ़ाया विद्यालय का गौरव, वर्तिका चौहान ने 95% के साथ किया टॉप
काशीपुर (काशीपुर वार्ता)। मुरादाबाद रोड स्थित जीडी गोयनका पब्लिक स्कूल, काशीपुर ने एक बार फिर अपने उत्कृष्ट शैक्षणिक स्तर को सिद्ध करते हुए सीबीएसई कक्षा 10वीं की परीक्षा में शत-प्रतिशत परिणाम दर्ज कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। विद्यालय के विद्यार्थियों ने अपने शानदार प्रदर्शन से न केवल अपने अभिभावकों को गौरवान्वित किया, बल्कि पूरे क्षेत्र में विद्यालय का नाम भी ऊंचा किया। गत वर्षों की परंपरा को कायम रखते हुए इस वर्ष भी विद्यालय के अधिकांश विद्यार्थियों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। कक्षा 10वीं के लगभग 16 प्रतिशत विद्यार्थियों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल कर उत्कृष्टता की मिसाल पेश की। परिणामों के विश्लेषण पर स्पष्ट होता है कि 30 प्रतिशत विद्यार्थियों ने 80 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए, जबकि 21 प्रतिशत विद्यार्थियों ने 70 प्रतिशत से ऊपर अंक अर्जित किए। इसके अतिरिक्त 22 प्रतिशत विद्यार्थियों ने 60 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए और शेष विद्यार्थियों ने भी 50 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल कर यह सिद्ध किया कि विद्यालय में शिक्षा का स्तर संतुलित और सुदृढ़ है। विद्यालय का यह शत-प्रतिशत परिणाम विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, शिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन तथा विद्यालय की उत्कृष्ट शिक्षण पद्धति का प्रत्यक्ष प्रमाण है। यह उपलब्धि न केवल अकादमिक गुणवत्ता को दर्शाती है, बल्कि छात्रों में अनुशासन, समर्पण और आत्मविश्वास के विकास को भी प्रतिबिंबित करती है।
इस गौरवपूर्ण सफलता पर विद्यालय की प्रबंधन समिति ने हर्ष व्यक्त किया। चेयरमैन नीरज अग्रवाल, चेयरपर्सन सोनल अग्रवाल, प्रबंध निदेशक आकर्ष अग्रवाल, को-एमडी रिशिता सक्सेना अग्रवाल तथा प्रधानाचार्या मधुमिता बनर्जी समेत समस्त शिक्षकों ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही, शिक्षकों और अभिभावकों के सहयोग को भी इस सफलता का महत्वपूर्ण आधार बताया।विद्यालय परिवार ने इस उपलब्धि को आगे की सफलताओं की प्रेरणा बताते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट परिणाम देने का संकल्प दोहराया।



