हाईटेंशन लाइन में शॉर्ट सर्किट से गेहूं के खेतों में लगी आग, करीब 18 एकड़ फसल राख

पांच किसान परिवारों को भारी नुकसान, दो घंटे की मशक्कत के बाद पाया गया आग पर काबू

काशीपुर (कशीपुर वार्ता)। ग्राम हरियावाला में हाईटेंशन लाइन में शॉर्ट सर्किट होने से गेहूं के खेतों में आग लग गई, जिससे पांच किसान परिवारों की करीब 18 एकड़ गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। सूचना पर पहुंचे अग्निशमन विभाग के दो वाहनों ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। जानकारी के अनुसार शुक्रवार देर शाम खेतों के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन में शॉर्ट सर्किट होने से निकली चिंगारियां गेहूं की फसल पर गिर गईं, जिससे आग भड़क उठी। आग का विकराल रूप लेने पर किसानों को घटना की जानकारी हुई। इसके बाद किसान और उनके परिजन मौके पर पहुंचे तथा आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। सूचना मिलने पर अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया जा सका, लेकिन तब तक खेतों में खड़ी फसल पूरी तरह जल चुकी थी। घटना की सूचना पर किसान नेता अरुण शर्मा, जितेंद्र सिंह जीतू, देवी सिंह यादव और अर्जुन सिंह भी मौके पर पहुंचे। किसान नेता अरुण शर्मा ने बताया कि आग से मो. खुर्शीद की सात एकड़, मो. अकरम, मो. मुहिद, मो. खालिख व मो. इकराम की सात एकड़ तथा मुकेश गौतम, राकेश गौतम, जितेंद्र गौतम व केशव गौतम की चार एकड़ गेहूं की फसल नष्ट हो गई। उन्होंने बताया कि मामले में ऊर्जा निगम के जेई और एई से वार्ता की गई, जिन्होंने बताया कि घटना के समय बिजली आपूर्ति बंद थी। वहीं किसानों का कहना है कि बिजली आने के बाद ही शॉर्ट सर्किट हुआ, जिससे आग लगी। फिलहाल प्रशासन नुकसान का आकलन कर रहा है। वहीं शनिवार दोपहर 12 बजे के आसपास गिन्नी खेड़ा अलीगंज रोड में गेहूं के खेत में आग लगने की सूचना मिली। सूचना प्राप्त होते ही फायर स्टेशन काशीपुर से एक फायर यूनिट घटना स्थल के लिए रवाना हुई। घटनास्थल पहुंच कर देखा कि आग किसान जसवीर कौर के लगभग 8 एकड़ गेहूं के खेत में लगी थी। जो तेजी से गेहूं के अन्य खेतों की ओर फैल रही थी। जिसे बुझा दिया गया। अग्निशमन अधिकारी श्याम सिंह ने बताया कि आग से कोई जनहानि नहीं हुई। आग लगने का कारण अज्ञात है।

टेंट के गोदाम में लगी आग पर पाया काबू

कशीपुर (कशीपुर वार्ता)। शुक्रवार-शनिवार की देर रात दो बजे के आसपास सिविल कोर्ट रोड स्थित प्राथमिक विद्यालय के पास एक टेंट के गोदाम में आग लग गई। सूचना पर दो फायर यूनिट घटना स्थल के लिए रवाना हुई। घटनास्थल पहुंच कर देखा कि आग शाहिद अहमद के टेंट के गोदाम में लगी थी। जिसमें टेंट का सामान व एक मैजिक फोर व्हीलर भी थी। इस पर तत्काल फायर यूनिट काशीपुर ने मोटर फायर इंजन से एक होज पाइप फैलाकर पंपिंग कर आग बुझाना आरंभ किया। अग्निशमन अधिकारी श्याम सिंह ने बताया कि  आग से कोई मानवीय जनहानि नहीं हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *