मास्टर इंटरनेशनल स्कूल ने धूमधाम से मनाई 14वीं वर्षगांठ, रंगारंग कार्यक्रमों से गूंजा परिसर

विद्यालय के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने अपनी प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया

काशीपुर (काशीपुर वार्ता)। शिक्षा, संस्कार और आधुनिक शिक्षण पद्धतियों के क्षेत्र में लगातार नई ऊँचाइयों को छू रहे मास्टर इंटरनेशनल स्कूल ने अपनी 14वीं वर्षगांठ अत्यंत उत्साह, उल्लास और भव्यता के साथ मनाई। विद्यालय परिसर में आयोजित समारोह में विद्यार्थियों, अभिभावकों, शिक्षकों और गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। पूरे कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, प्रेरणादायक संबोधनों और विद्यार्थियों की प्रतिभा ने ऐसा समां बांधा कि उपस्थित जनसमूह मंत्रमुग्ध हो उठा। समारोह के मुख्य अतिथि विजेंद्र चौधरी तथा विशिष्ट अतिथि प्रियंका अग्रवाल रहीं। कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। दीप की पावन ज्योति ने ज्ञान, उजाले और सकारात्मक ऊर्जा का संदेश दिया। जैसे ही दीप प्रज्ज्वलित हुआ, पूरे वातावरण में उल्लास और नई ऊर्जा का संचार हो गया। इसके बाद मंच पर नन्हे-मुन्ने बच्चों ने अपनी प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। एलकेजी और यूकेजी के बच्चों ने लोकप्रिय गीत लुंगी डांस पर शानदार नृत्य प्रस्तुत किया। बच्चों की मासूम अदाओं, आत्मविश्वास और ऊर्जा ने दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। तालियों की गड़गड़ाहट से पूरा परिसर गूंज उठा। कार्यक्रम में कक्षा 8 के छात्र आदित्य कृष्ण वर्मा ने हिंदी में प्रभावशाली भाषण देकर विद्यालय की 14 वर्षों की गौरवशाली यात्रा को शब्दों में पिरोया। उन्होंने विद्यालय की शिक्षा, खेल, सांस्कृतिक गतिविधियों और नैतिक मूल्यों के क्षेत्र में उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि विद्यालय ने क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है। कक्षा 7 की छात्रा विदिशा सिंह ने विद्यालय के अनुशासन, शिक्षकों के समर्पण और सकारात्मक वातावरण की सराहना करते हुए अपने विचार व्यक्त किए। इसके पश्चात कक्षा 1 व 2 के विद्यार्थियों ने आकर्षक नृत्य प्रस्तुत कर विद्यालय के प्रति अपना आभार प्रकट किया। कक्षा 5 के छात्र आदित्य ने अंग्रेजी में भाषण देकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। उनके संबोधन में विद्यालय की उपलब्धियों, शिक्षकों के योगदान और छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की प्रेरक झलक देखने को मिली। इसके बाद कक्षा 3 व 4 तथा कक्षा 5 व 6 के विद्यार्थियों ने समूह नृत्य प्रस्तुत कर समारोह में चार चांद लगा दिए। उनकी प्रस्तुति में तालमेल, अनुशासन और ऊर्जा का अद्भुत समन्वय देखने को मिला। कार्यक्रम का सबसे विशेष आकर्षण कक्षा 7 व 8 के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत वह नृत्य रहा, जो विद्यालय के चेयरमैन डॉ. गौरव गर्ग को समर्पित था। इस भावनात्मक प्रस्तुति में छात्रों ने अपने सम्मान, स्नेह और कृतज्ञता को बेहद सुंदर ढंग से अभिव्यक्त किया। विद्यालय के म्यूजिक टीचर अमन की मधुर गायन प्रस्तुति ने पूरे माहौल को संगीतमय बना दिया। उनकी सुरीली आवाज़ पर श्रोता देर तक तालियां बजाते रहे।

राष्ट्रगान के साथ हुआ समारोह का समापन

कशीपुर (काशीपुर वार्ता)।  समारोह के अंत में विद्यालय परिवार की ओर से अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके बाद राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। सभी विद्यार्थियों को रिफ्रेशमेंट वितरित किया गया। विद्यालय की 14वीं वर्षगांठ का यह भव्य आयोजन केवल उत्सव नहीं, बल्कि शिक्षा, संस्कार, समर्पण और सफलता की प्रेरक मिसाल बन गया।

अतिथियों ने विद्यालय को बताया शिक्षा व संस्कार का उत्कृष्ट केंद्र

 

काशीपुर (काशीपुर वार्ता)। मुख्य अतिथि विजेंद्र चौधरी ने कहा कि 14 वर्ष पूर्व इस विद्यालय की शुरुआत एक छोटे पौधे की तरह हुई थी, जो आज विशाल वटवृक्ष बन चुका है। यहां शिक्षा के साथ संस्कार और अनुशासन का सुंदर समन्वय देखने को मिलता है। विद्यालय ने क्षेत्र के सैकड़ों बच्चों को बेहतर दिशा देने का कार्य किया है। यहां का वातावरण विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करता है। नई शाखा का प्रारंभ क्षेत्र की शिक्षा व्यवस्था को नई मजबूती देगा। मुझे विश्वास है कि आने वाले समय में यह संस्थान और ऊँचाइयों को छुएगा तथा बच्चों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाएगा।

कशीपुर (काशीपुर वार्ता)। विशिष्ट अतिथि प्रियंका अग्रवाल ने कहा कि विद्यालय का अनुशासन, शिक्षकों की मेहनत और बच्चों का आत्मविश्वास अत्यंत प्रभावशाली है। यहां शिक्षा केवल पुस्तकों तक सीमित नहीं, बल्कि बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण पर भी विशेष ध्यान दिया जाता है। विद्यालय में सकारात्मक वातावरण और आधुनिक सोच स्पष्ट दिखाई देती है। छात्र-छात्राओं की प्रस्तुतियों में उनकी प्रतिभा और शिक्षकों का समर्पण झलकता है। ऐसे संस्थान समाज के लिए प्रेरणा बनते हैं। मुझे विश्वास है कि यह विद्यालय भविष्य में भी शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करता रहेगा और विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य प्रदान करेगा।

कशीपुर (काशीपुर वार्ता)। विद्यायलय की प्रधानाचार्या दीपिका अग्रवाल ने कहा कि विद्यालय की 14 वर्षों की यह गौरवशाली यात्रा केवल उपलब्धियों की कहानी नहीं, बल्कि समर्पण, अनुशासन और निरंतर विकास का प्रतीक है। हमारा उद्देश्य सदैव बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ मजबूत संस्कार देना रहा है। विद्यालय में प्रत्येक विद्यार्थी की प्रतिभा को पहचानकर उसे निखारने का निरंतर प्रयास किया जाता है। शिक्षा के साथ आत्मविश्वास, नैतिक मूल्यों और सामाजिक जिम्मेदारियों पर भी विशेष ध्यान दिया जाता है। शिक्षकों की मेहनत, अभिभावकों के सहयोग और विद्यार्थियों की लगन से यह संस्थान निरंतर प्रगति कर रहा है।

कशीपुर (काशीपुर वार्ता)। विद्यायलय की निदेशिका शिल्पी गर्ग ने कहा कि विद्यालय की स्थापना गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और संस्कार देने के उद्देश्य से की गई थी। जब यह यात्रा शुरू हुई थी, तब हमारे पास एक सपना था कि हर बच्चे को बेहतर अवसर मिले। आज 14 वर्षों बाद यह सपना साकार होता दिखाई दे रहा है। विद्यालय ने हमेशा बच्चों की प्रतिभा को पहचानकर उन्हें आगे बढ़ाने का प्रयास किया है। शिक्षा के साथ नैतिक मूल्यों और अनुशासन को भी बराबर महत्व दिया गया है। नई शाखा के माध्यम से अधिक बच्चों तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाने का संकल्प है। हमारा प्रयास आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

कशीपुर (काशीपुर वार्ता)। विद्यायलय के चेयरमैन डॉ. गौरव गर्ग ने कहा कि यह 14 वर्षों की यात्रा संघर्ष, समर्पण और निरंतर प्रयासों की कहानी है। विद्यालय की शुरुआत छोटे स्तर से हुई, लेकिन उद्देश्य हमेशा बड़ा रहा। हमारा लक्ष्य केवल पढ़ाई कराना नहीं, बल्कि बच्चों को जीवन के हर क्षेत्र में सफल बनाना है। आज विद्यार्थियों की प्रतिभा देखकर विश्वास होता है कि भविष्य सुरक्षित हाथों में है। अभिभावकों का विश्वास और शिक्षकों की मेहनत ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है। नई शाखा विद्यालय के विस्तार के साथ नई जिम्मेदारी भी है। हम आगे भी शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्टता के लिए निरंतर कार्य करते रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *