सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और प्रतिभा सम्मान समारोह ने मोहा अतिथियों का मन
काशीपुर (काशीपुर वार्ता)। क्षेत्र के ग्राम करनपुर स्थित सरस्वती शिशु एवं विद्या मंदिर में सूर्या फाउंडेशन द्वारा आयोजित 10 दिवसीय ग्रामीण व्यक्तित्व विकास शिविर का भव्य समापन समारोह आयोजित किया गया। शिविर का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों के शारीरिक, मानसिक एवं बौद्धिक विकास के साथ उनकी छिपी प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना रहा। समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में ग्राम प्रधान करनपुर हरिओम सुधा उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में सूर्या रोशनी लिमिटेड काशीपुर से परितोष मिश्रा, भाजपा उत्तराखंड मंडल उपाध्यक्ष लक्ष्मी भंडारी, विद्यालय प्रधानाचार्य देवकीनंदन, रेखा तिवारी, क्षेत्र प्रमुख हिमांशु, स्वरोजगार प्रमुख भरत साह, कंप्यूटर शिक्षिका अमनदीप कौर, प्रिया, हेमा, संध्या कोहली सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ एवं अभिभावक मौजूद रहे। शिविर के दौरान बच्चों ने चित्रकला, मानचित्र निर्माण, आर्ट एंड क्राफ्ट, कबाड़ से जुगाड़, भाषण प्रतियोगिता, मिट्टी के खिलौने निर्माण, खेलकूद एवं विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। बच्चों की प्रतिभा और रचनात्मकता ने अतिथियों को काफी प्रभावित किया। समापन समारोह में छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति, लोकसंस्कृति एवं सामाजिक विषयों पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।

कार्यक्रम के अंत में विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। विद्यालय प्रधानाचार्य देवकीनंदन ने कहा कि ऐसे शिविर बच्चों के व्यक्तित्व विकास और आत्मविश्वास को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वहीं ग्राम प्रधान हरिओम सुधा ने सूर्या फाउंडेशन की पहल की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस प्रकार के रचनात्मक कार्यक्रम बच्चों के उज्ज्वल भविष्य निर्माण में सहायक सिद्ध होते हैं। आयोजकों ने बताया कि शिविर का मुख्य उद्देश्य बच्चों को शिक्षा के साथ रचनात्मक एवं व्यावहारिक गतिविधियों से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर और आत्मविश्वासी बनाना है। कार्यक्रम के सफल आयोजन पर अभिभावकों और ग्रामीणों ने भी प्रसन्नता व्यक्त की।


