श्रीराम इंस्टीट्यूट काशीपुर में हैकाथॉन-2026 एवं विश्व रचनात्मकता एवं नवाचार दिवस का सफल आयोजन

25 से अधिक टीमों के 120 से अधिक प्रतिभागियों ने दिखाई अपनी प्रतिभा, विजेताओं को नकद पुरस्कार व सम्मान

काशीपुर (काशीपुर वार्ता)। श्रीराम इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी, काशीपुर में संस्थान के नवाचार परिषद के अंतर्गत हैकाथॉन-2026 का भव्य एवं सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम विश्व रचनात्मकता एवं नवाचार दिवस के अवसर पर आयोजित किया गया, जिसमें विभिन्न कॉलेजों एवं विश्वविद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर तकनीकी प्रतिभा, नवाचार क्षमता तथा समस्या समाधान कौशल का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इस प्रतिष्ठित तकनीकी प्रतियोगिता में 25 से अधिक टीमों के 120 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में शामिल प्रमुख शिक्षण संस्थानों में आम्रपाली विश्वविद्यालय हल्द्वानी, श्री राम मूर्ति स्मारक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी बरेली, सतेंद्र चंद्र गुड़िया आईएमटी काशीपुर, ईएसटीसी-एसीईएल रामनगर, नैनीताल, मुरादाबाद इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी मुरादाबाद तथा मेजबान श्रीराम इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी काशीपुर सहित अन्य संस्थान शामिल रहे। हैकाथॉन के दौरान प्रतिभागियों ने कोडिंग, प्रोग्रामिंग, सामूहिक कार्यशैली, रचनात्मक सोच, नवाचार तथा तकनीकी समस्याओं के समाधान की अपनी दक्षता का शानदार परिचय दिया। प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा और उत्साहपूर्ण माहौल बना रहा।

संस्थान के अध्यक्ष रवीन्द्र कुमार ने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने तथा उन्हें राष्ट्रीय एवं वैश्विक स्तर की चुनौतियों के लिए तैयार करने में सहायक सिद्ध होते हैं। निदेशक डॉ. योगराज सिंह ने कहा कि हैकाथॉन जैसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में नवाचार, नेतृत्व क्षमता एवं व्यावहारिक ज्ञान का विकास करते हैं। प्राचार्य डॉ. एस.एस. कुशवाहा ने बताया कि विश्व रचनात्मकता एवं नवाचार दिवस के अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम छात्रों को अपनी रचनात्मक सोच को व्यवहारिक रूप देने का सशक्त अवसर प्रदान करता है। कार्यक्रम के सफल संचालन में कंप्यूटर विज्ञान विभागाध्यक्ष बलविंदर सिंह, डॉ. शोभित त्रिपाठी, रविंद्र कुमार, डॉ. महेंद्र सिंह बोरा, भूपेंद्र सिंह लटवाल, पंकज तिवारी, शशांक गौड़, सुश्री छवि चौधरी सहित समस्त संकाय सदस्यों, कर्मचारियों एवं आयोजक छात्र-छात्राओं का विशेष सहयोग रहा। श्रीराम इंस्टीट्यूट काशीपुर शिक्षा, नवाचार एवं कौशल विकास के क्षेत्र में निरंतर उत्कृष्ट कार्य करते हुए युवाओं को नए अवसर प्रदान कर रहा है।

हैकाथॉन प्रतियोगिता में प्रतिभाओं का जलवा, विजेता टीमों को मिला सम्मान

काशीपुर (काशीपुर वार्ता)। तकनीकी प्रतिभा, नवाचार क्षमता और उत्कृष्ट प्रदर्शन के दम पर आयोजित हैकाथॉन प्रतियोगिता में विभिन्न शिक्षण संस्थानों की टीमों ने शानदार मुकाबला किया। प्रतियोगिता में प्रतिभागियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली, जहां विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मक सोच, तकनीकी ज्ञान और समस्या समाधान कौशल का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान आम्रपाली विश्वविद्यालय हल्द्वानी की टीम एपेक्स ने हासिल कर विजेता ट्रॉफी अपने नाम की। टीम के सदस्यों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए निर्णायकों को प्रभावित किया। द्वितीय स्थान श्रीराम इंस्टीट्यूट काशीपुर की टीम रेडहैट कोडर्स ने प्राप्त किया, जिन्होंने तकनीकी दक्षता और उत्कृष्ट टीमवर्क का परिचय दिया। वहीं तृतीय स्थान श्री राम मूर्ति स्मारक कॉलेज बरेली की टीम कोड क्वेस्टर्स ने अर्जित किया। प्रतियोगिता के समापन अवसर पर विजेता टीमों को क्रमशः 10 हजार, 8 हजार एवं 6 हजार रुपये की नकद पुरस्कार राशि प्रदान की गई। साथ ही सभी विजेता प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में शामिल अन्य सभी प्रतिभागियों को भी सहभागिता प्रमाण पत्र वितरित किए गए, जिससे विद्यार्थियों का उत्साह और बढ़ गया।
आयोजकों ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा निखारने, नए विचारों को मंच देने तथा भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने का सशक्त माध्यम हैं। समारोह के दौरान विजेता टीमों के चेहरों पर खुशी और गर्व साफ झलक रहा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *