कांवड़ यात्रा के दौरान रोशनी, सफाई और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, मांस की दुकानें रहेंगी बंद

काशीपुर। कांवड़ यात्रा के अवसर पर महापौर दीपक बाली ने मंगलवार को रामलीला मैदान से शिव भक्त कांवरियों के लिए दो बसों को झंडी दिखाकर हरिद्वार के लिए रवाना किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान शिव भक्तों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी। पूरे क्षेत्र में रोशनी, सफाई और अन्य व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रखी जाएंगी। साथ ही कांवड़ यात्रा मार्ग पर मांस आदि की दुकानों को बंद कराया जाएगा। महापौर ने बताया कि कांवरियों को हरिद्वार जाने के लिए बसें नहीं मिल पा रही थीं। ऐसे में उनके द्वारा अपने निजी खर्चे से निःशुल्क दो बसों की व्यवस्था की गई, जिससे शिव भक्तों में विशेष उत्साह देखा गया। उल्लेखनीय है कि गत वर्ष भी महापौर दीपक बाली ने अपने खर्चे से कांवरियों के लिए दो बसें हरिद्वार रवाना की थीं। इन बसों की व्यवस्था में महापौर प्रतिनिधि समरपाल सिंह चौधरी पिछले कई दिनों से जुटे हुए थे। उन्होंने कुल 104 कांवरियों का पंजीकरण कर 52-52 सीटर की दो बसों को हरिद्वार के लिए रवाना कराया। दोनों बसें महापौर दीपक बाली द्वारा शिव भक्तों की सेवा के उद्देश्य से भेजी गईं।

इस अवसर पर भाजपा नेता ईश्वर चंद्र गुप्ता, भाजपा प्रकोष्ठ अध्यक्ष मुकेश चावला, राजीव अरोरा, बच्चू, जसवीर सिंह सैनी, प्रकाश नेगी, अवनीश चौहान, अभिताभ सक्सेना एडवोकेट सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी कांवरियों को जलपान कराया गया, फूल-मालाएं पहनाकर सम्मानित किया गया और उसके बाद बसों में बैठाकर रवाना किया गया। रामलीला मैदान में “बोल बम” और “हर-हर महादेव” के जयकारों से माहौल भक्तिमय हो गया।
