मुख्य कृषि अधिकारी वीके सिंह यादव बोले—हर गांव तक पहुंचेगी फॉर्मर आईडी सुविधा, समस्याओं का होगा समाधान
काशीपुर (कशीपुर वार्ता)। किसान विकास क्लब उत्तराखंड की मासिक बैठक गुरुवार को अनाज मंडी गेस्ट हाउस में प्रदेश अध्यक्ष अरुण कुमार शर्मा की अध्यक्षता में संपन्न हुई। कार्यक्रम का संचालन हास्य कवि संजय राजपूत ने किया। बैठक में बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लेकर अपनी समस्याएं रखीं और सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में वरिष्ठ समाजसेवी खिलेंद्र चौधरी उपस्थित रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में मुख्य कृषि अधिकारी वीके सिंह यादव मौजूद रहे। इसके अलावा भारतीय किसान यूनियन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रेम सिंह सहोता, प्रदेश महामंत्री दर्शन दयोल सहित कई गणमान्य लोग मंचासीन रहे। बैठक की शुरुआत किसानों की फॉर्मर आईडी योजना बनाने के कार्य से हुई। मुख्य अतिथि खिलेंद्र चौधरी एवं मुख्य कृषि अधिकारी वीके सिंह यादव ने स्वयं इस प्रक्रिया का शुभारंभ कराया। शिविर में बड़ी संख्या में किसानों ने फॉर्मर आईडी बनवाकर लाभ उठाया। हालांकि कुछ किसान सूची में नाम न होने तथा लेखपालों द्वारा पोर्टल पर अंश दर्ज न किए जाने के कारण वंचित रह गए। क्लब के प्रदेश अध्यक्ष अरुण कुमार शर्मा ने ऐसे किसानों को अपने-अपने क्षेत्र के लेखपालों से संपर्क कर त्रुटियां दूर कराने की सलाह दी। वहीं मुख्य कृषि अधिकारी वीके सिंह यादव ने कहा कि किसी भी किसान को परेशान होने की जरूरत नहीं है। विभाग ने गांव-गांव में फॉर्मर आईडी बनाने की व्यवस्था शुरू कर दी है। यदि कोई किसान छूट जाता है तो काशीपुर एवं जसपुर क्षेत्र के किसानों के लिए मंडी गेस्ट हाउस में पुनः विशेष शिविर लगाया जाएगा। बैठक के दौरान वीके सिंह यादव ने किसानों को सरकार द्वारा संचालित नवीनतम योजनाओं, अनुदान कार्यक्रमों, कृषि तकनीकों तथा लाभकारी योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने किसानों से आधुनिक तकनीक अपनाने और योजनाओं का अधिकतम लाभ लेने का आह्वान किया। समाजसेवी खिलेंद्र चौधरी ने किसानों को जैविक एवं प्राकृतिक खेती अपनाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि इससे खेती की लागत घटेगी और भूमि की उर्वरता भी बढ़ेगी। साथ ही किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए शासन स्तर पर वार्ता कराने का आश्वासन दिया। इस दौरान भाकियू नेता प्रेम सिंह सहोता ने मुख्य कृषि अधिकारी को किसानों की विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया। बैठक के अंत में कृषि उपयोगी उत्पादों की प्रदर्शनी भी लगाई गई। इसमें नंदन पेट्रोकेम लिमिटेड (अब वेलवैक्स कंपनी) के अधिकारियों अतहर यूसुफ, शिवेंद्र अग्रवाल, लोकेश भटनागर, तनुज अग्रवाल तथा मधुसूदन ने किसानों को वाहनों में उपयोग होने वाले उत्पादों, हैलोजन बल्ब और एलईडी बल्ब की गुणवत्ता की जानकारी दी। बैठक के समापन पर किसानों ने ऐसे उपयोगी आयोजनों की सराहना करते हुए भविष्य में भी नियमित शिविर आयोजित करने की मांग की।


