महुआखेड़ा गंज औद्योगिक क्षेत्र की समस्याओं पर केजीसीसीआई की बैठक, शीघ्र समाधान का आश्वासन

महापौर दीपक बाली की अध्यक्षता में उद्यमियों ने उठाए सड़क, बिजली, सुरक्षा व अन्य मुद्दे

 

काशीपुर (कशीपुर वार्ता)। महुआखेड़ा गंज स्थित औद्योगिक इकाइयों के समक्ष आ रही विभिन्न समस्याओं पर चर्चा एवं उनके समाधान के उद्देश्य से 28 अप्रैल 2026 की देर सायं कुमायूँ गढ़वाल चैम्बर ऑफ कॉमर्स एण्ड इण्डस्ट्री (केजीसीसीआई) की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक महापौर दीपक बाली की अध्यक्षता में मैसर्स एपैक्स इंटरनेशनल, नंद नगर औद्योगिक आस्थान फेज-1 के सभागार में संपन्न हुई। बैठक में लोक निर्माण विभाग, नगरपालिका परिषद एवं यूपीसीएल के अधिकारियों सहित बड़ी संख्या में उद्यमी उपस्थित रहे। इस दौरान केजीसीसीआई अध्यक्ष पवन अग्रवाल ने महुआखेड़ा गंज के औद्योगिक क्षेत्रों में जर्जर सड़कों और जल निकासी की गंभीर समस्या को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने बताया कि बरसात के दौरान पानी सड़कों पर भर जाने से उद्योगों का उत्पादन प्रभावित होता है। साथ ही स्ट्रीट लाइटों के अभाव में रात्रि में श्रमिकों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है और दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। जोनल चेयरमैन गौरव जैन ने क्षेत्र में बढ़ती पावर रोस्टिंग, लो वोल्टेज, ट्रिपिंग और बार-बार हो रहे शटडाउन की समस्या को उठाते हुए कहा कि इससे उद्योगों के संवेदनशील उपकरण खराब हो रहे हैं और आर्थिक नुकसान बढ़ रहा है। उद्यमियों ने मांग की कि विद्युत आपूर्ति को सुचारु एवं स्थिर किया जाए।
बैठक में यह भी मांग उठाई गई कि शाम के समय शिफ्ट परिवर्तन के दौरान तेज गति से चलने वाले डंपरों की आवाजाही पर रोक लगाई जाए, ताकि दुर्घटनाओं से बचा जा सके। इसके अतिरिक्त क्षेत्र में असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर रोक लगाने और श्रमिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु रात्रि में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग भी की गई।
उद्यमियों ने महुआखेड़ा गंज में फायर सर्विस स्टेशन की स्थापना की आवश्यकता पर भी जोर दिया, ताकि आगजनी की स्थिति में समय पर राहत कार्य किया जा सके।

महापौर दीपक बाली ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को समस्याओं के समाधान हेतु आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने लोक निर्माण विभाग को सड़कों व नालियों के निर्माण का एस्टीमेट तैयार करने के निर्देश दिए तथा आश्वासन दिया कि स्ट्रीट लाइट व अन्य आधारभूत सुविधाओं के लिए शासन स्तर पर धन आवंटन कराने का पूरा प्रयास किया जाएगा। उन्होंने मौके पर ही संबंधित उच्च अधिकारियों से वार्ता कर समस्याओं के त्वरित समाधान की दिशा में पहल भी की। बैठक में केजीसीसीआई महासचिव नितिन अग्रवाल ,सौरभ जैन, सत्यम अग्रवाल, पुनीत सिंघल, गौरव जैन, आशीष सक्सेना, मंदीप सिंह, दीपक कुमार आर्या, विक्रम अधिकारी, सचिन कुमार, मुकेश रॉय गौड़, शुभम मौर्या, कमलेश सिंह, राशिद हुसैन, पीयूष चौहान आदि उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *