मास्टर इंटरनेशनल स्कूल में पेरेंटिंग वर्कशॉप आयोजित,अभिभावकों को मिला बच्चों की बेहतर परवरिश का मार्गदर्शन

मानसिक विकास, भावनात्मक संतुलन और डिजिटल युग की चुनौतियों पर विशेषज्ञों ने दिए अहम सुझाव, 100 से अधिक अभिभावकों ने लिया भाग

काशीपुर (काशीपुर वार्ता)। बच्चों के सर्वांगीण विकास और अभिभावकों को जागरूक बनाने के उद्देश्य से मास्टर इंटरनेशनल स्कूल में बुधवार को एक विशेष पेरेंटिंग वर्कशॉप का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में 100 से अधिक अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर विशेषज्ञों से बच्चों की बेहतर परवरिश से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय परिसर में अभिभावकों के स्वागत के साथ हुआ। नोएडा से आई विशेषज्ञ टीम ने अभिभावकों को संबोधित करते हुए कहा कि बदलते समय में बच्चों की परवरिश केवल शैक्षणिक उपलब्धियों तक सीमित नहीं है, बल्कि उनके मानसिक स्वास्थ्य, भावनात्मक मजबूती और व्यवहारिक विकास पर भी विशेष ध्यान देना आवश्यक हो गया है। विशेषज्ञों ने बताया कि कई बार अभिभावक अनजाने में बच्चों पर अत्यधिक दबाव डाल देते हैं, जिससे उनमें तनाव और असुरक्षा की भावना उत्पन्न हो सकती है। उन्होंने अभिभावकों को बच्चों के साथ मित्रवत व्यवहार अपनाने, उनकी भावनाओं को समझने और नियमित संवाद बनाए रखने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि बच्चों को समय देना उनकी खुशहाली और आत्मविश्वास के लिए सबसे महत्वपूर्ण है।

वर्कशॉप के दौरान डिजिटल युग में बच्चों के सामने आने वाली चुनौतियों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। विशेषज्ञों ने चेतावनी दी कि मोबाइल फोन, सोशल मीडिया और ऑनलाइन गेम्स का अत्यधिक उपयोग बच्चों के मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकता है। अभिभावकों को बच्चों के स्क्रीन टाइम पर नियंत्रण रखने तथा उन्हें खेलकूद, पुस्तक पठन और रचनात्मक गतिविधियों की ओर प्रेरित करने के लिए जागरूक किया गया। इसके अलावा बच्चों में संस्कार और अनुशासन विकसित करने पर भी विशेष बल दिया गया। विशेषज्ञों ने कहा कि बच्चों का व्यक्तित्व उनके पारिवारिक वातावरण से प्रभावित होता है, इसलिए घर में सकारात्मक माहौल बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है। अभिभावकों को बच्चों के सामने सकारात्मक भाषा का प्रयोग करने और सही-गलत का अंतर समझाने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के दौरान आयोजित इंटरैक्टिव सत्र में अभिभावकों ने बच्चों की पढ़ाई में रुचि बढ़ाने, गुस्से पर नियंत्रण और आत्मविश्वास विकसित करने जैसे विषयों पर अपने सवाल विशेषज्ञों के समक्ष रखे, जिनका विस्तारपूर्वक समाधान किया गया। इस संवादात्मक सत्र ने कार्यक्रम को और अधिक प्रभावी एवं उपयोगी बना दिया।

विद्यायलय परिवार ने जताया विशेषज्ञ टीम का आभार

 

काशीपुर (कशीपुर वार्ता)। विद्यालय की प्रधानाचार्या दीपिका अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि मास्टर इंटरनेशनल स्कूल बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने अभिभावकों और शिक्षकों के बीच बेहतर समन्वय को बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कुंजी बताया। वहीं, विद्यालय प्रबन्ध निदेशक डॉ. गौरव गर्ग ने विशेषज्ञ टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार की कार्यशालाएं अभिभावकों को नई दिशा और सोच प्रदान करती हैं। कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित अभिभावकों ने विद्यालय की इस पहल की सराहना करते हुए इसे अत्यंत उपयोगी बताया। यह पेरेंटिंग वर्कशॉप न केवल अभिभावकों के लिए एक सीखने का मंच बनी, बल्कि बच्चों और अभिभावकों के बीच संबंधों को मजबूत बनाने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुई।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *