विद्यार्थियों ने प्रस्तुत किए सांस्कृतिक कार्यक्रम, कर्मचारियों को उपहार देकर जताया आभार
काशीपुर (काशीपुर वार्ता)। अंतरराष्ट्रीय श्रमिक दिवस के अवसर पर आज जीडी गोयनका पब्लिक स्कूल, काशीपुर में एक गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन कर विद्यालय के समस्त श्रमिकों एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में उत्साह और सम्मान का वातावरण देखने को मिला, जहां छात्रों और शिक्षकों ने मिलकर श्रमिकों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। कार्यक्रम की शुरुआत विशेष प्रार्थना सभा से हुई, जिसमें छात्रों ने गीत, कविता, अभिनय और संवाद प्रस्तुत कर श्रमिकों के महत्व को रेखांकित किया। बच्चों द्वारा प्रस्तुत रचनात्मक कार्यक्रमों ने सभी का मन मोह लिया और श्रम के प्रति सम्मान का संदेश दिया।
मेहनत करता वह भरपूर,
हर परेशानी से हमें रखे दूर।
काम करना ही उसका गरूर,
वही कहलाता है मजदूर।

विद्यालय की प्रधानाचार्या मधुमिता बनर्जी ने अपने संबोधन में कहा कि श्रमिक समाज की रीढ़ होते हैं और उनके बिना जीवन की कल्पना अधूरी है। उन्होंने कहा कि श्रमिकों के योगदान और समर्पण को याद करने और उन्हें सम्मान देने के उद्देश्य से यह दिवस मनाया जाता है। कार्यक्रम के दौरान छोटे बच्चों ने अपने हाथों से बनाए हुए सुंदर कार्ड चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को भेंट किए, जिससे कर्मचारियों के चेहरे खुशी से खिल उठे। विद्यालय की ओर से सभी कर्मचारियों को उपहार भी प्रदान किए गए। इस सम्मान से कर्मचारी भावुक हो उठे और उन्होंने विद्यालय परिवार का आभार व्यक्त किया। प्रधानाचार्या मधुमिता बनर्जी ने सभी कर्मचारियों के अथक परिश्रम और सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि विद्यालय की सफलता में उनका योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी को धन्यवाद देते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार सहयोग बनाए रखने की अपेक्षा जताई। कार्यक्रम का समापन इस संदेश के साथ हुआ कि श्रमिक ही समाज की वास्तविक शक्ति हैं और उनके सम्मान के बिना विकास संभव नहीं है।
