स्ट्रेटन वर्ल्ड स्कूल में विश्व श्रमिक दिवस पर कर्मयोगियों को किया गया सम्मानित

विशेष असेंबली में सहायक कर्मचारियों को पुरस्कार व उपहार देकर जताया आभार
काशीपुर (काशीपुर वार्ता)। रामनगर रोड स्थित काशीपुर के प्रतिष्ठित स्ट्रेटन वर्ल्ड स्कूल में एक मई, शुक्रवार को विश्व श्रमिक दिवस (लेबर डे) के अवसर पर कार्य शक्ति के सम्मान में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर आयोजित मॉर्निंग असेंबली में विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों और छात्र-छात्राओं ने मिलकर स्कूल के सहायक कर्मचारियों के योगदान को सराहा और उन्हें सम्मानित किया।
कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधिका हरप्रीत सिंह सैनी एवं प्रधानाचार्य सुरेंद्र भारद्वाज ने सभी सहायक कर्मचारियों को पुरस्कार एवं उपहार देकर सम्मानित किया। नन्हे-मुन्ने बच्चों ने भी अपने स्नेहपूर्ण अंदाज में कर्मचारियों को गिफ्ट भेंट कर उनका आभार व्यक्त किया, जिससे वातावरण भावनात्मक और प्रेरणादायक बन गया।
प्रबंधिका हरप्रीत सिंह सैनी ने अपने संबोधन में कहा कि किसी भी संस्था की सफलता के पीछे सहायक कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने कहा कि उनकी निष्ठा, मेहनत और समर्पण के बिना कोई भी संगठन सुचारु रूप से संचालित नहीं हो सकता। उनके योगदान को पहचानना और सम्मान देना हम सभी का दायित्व है।
प्रधानाचार्य सुरेंद्र भारद्वाज ने अपने उद्बोधन में विद्यालय को एक त्रिआयामी संस्था बताते हुए कहा कि इसमें प्रबंधन, शिक्षक वर्ग और सहायक कर्मचारी—तीनों का समान महत्व है, जबकि छात्र इस संरचना का केंद्र होते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षण कार्य को व्यवस्थित और प्रभावी ढंग से संचालित करने में सहायक कर्मचारियों की भूमिका अत्यंत अहम होती है, इसलिए उनका सम्मान करना आवश्यक है।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत गतिविधियों ने भी सभी का मन मोह लिया। पूरे आयोजन में श्रम की गरिमा और कर्मयोगियों के प्रति सम्मान का संदेश दिया गया। विद्यालय परिसर में उत्साह और सम्मान का माहौल देखने को मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *