महापौर दीपक बाली, राज्यमंत्री सीमा चौहान व खेल हस्तियों की मौजूदगी में सैकड़ों खिलाड़ियों ने किया शानदार प्रदर्शन

काशीपुर (काशीपुर वार्ता)। मानपुर रोड स्थित कला मंदिर में गत दिवस रविवार को ओपन स्टेट फ्लोर कर्लिंग चैम्पियनशिप 2026 का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें प्रदेशभर से आए खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर खेल प्रेमियों को रोमांचित कर दिया। प्रतियोगिता में काशीपुर सहित बाजपुर, रामनगर, हल्द्वानी, रुद्रपुर, खटीमा, सितारगंज और जसपुर से पहुंचे सैकड़ों खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महापौर दीपक बाली रहे, जबकि विशिष्ट अतिथियों में दर्जा राज्यमंत्री सीमा चौहान और उत्तराखंड एथलेटिक्स सलेक्शन कमेटी के चेयरमैन विजेंदर चौधरी शामिल रहे। इसके अलावा मेट्रो हॉस्पिटल के एमडी मनीष कुमार शर्मा, खालसा फाउंडेशन के जगमोहन सिंह, एक ओंकार संस्था के चेयरमैन सुखविंदर सिंह, पंजाब से आए पावर स्लैप वर्ल्ड चैम्पियन जुझार सिंह, प्रतियोगिता के आयोजक एवं एशियन वर्ल्ड चैम्पियन मुकेश कुमार तथा कला मंदिर के संस्थापक संजय प्रकाश अग्रवाल भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ सभी अतिथियों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम से पूर्व कला मंदिर के संस्थापक संजय प्रकाश अग्रवाल ने सभी अतिथियों का बुके भेंट कर भव्य स्वागत किया। प्रतियोगिता की अध्यक्षता विजेंदर चौधरी ने की। अपने संबोधन में अतिथियों ने खिलाड़ियों के उत्साह, अनुशासन और खेल भावना की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन युवाओं को आगे बढ़ने का मंच प्रदान करते हैं और राज्य में खेल संस्कृति को मजबूती देते हैं।

समापन समारोह में विजेंदर चौधरी ने विजेता खिलाड़ियों को प्रमाणपत्र एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया। आयोजन के अंत में एशियन वर्ल्ड चैम्पियन मुकेश कुमार ने सभी अतिथियों, सहयोगियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी इस तरह के आयोजन लगातार किए जाएंगे ताकि खिलाड़ियों को बेहतर अवसर मिल सके। यह प्रतियोगिता न केवल खेल प्रतिभाओं के प्रदर्शन का मंच बनी, बल्कि युवाओं में खेल के प्रति उत्साह और प्रतिस्पर्धा की भावना को भी नई ऊर्जा देने में सफल रही।

