खिलाड़ियों ने जीते कई स्वर्ण और रजत पदक, विद्यालय परिवार में खुशी की लहर

काशीपुर (कशीपुर वार्ता)। एक ओंकार ग्लोबल अकेडमी के खिलाड़ियों ने कराटे और वुशु प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उत्तराखंड ओपन कराटे चैंपियनशिप 2026 तथा उधम सिंह नगर वुशु चैंपियनशिप में प्रतिभाग करते हुए खिलाड़ियों ने अपने उत्कृष्ट खेल कौशल, अनुशासन और मेहनत के दम पर कई पदक हासिल किए।

उत्तराखंड ओपन कराटे चैंपियनशिप 2026 में विद्यालय के खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन करते हुए कुल पांच पदक अपने नाम किए। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने तीन गोल्ड मेडल और दो सिल्वर मेडल जीतकर अपनी प्रतिभा का शानदार परिचय दिया। गोल्ड मेडल विजेताओं में काशवी साहनी, अयाना और नवील अब्बास शामिल रहे, जबकि जफर और सुफियान ने सिल्वर मेडल हासिल कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। इसके साथ ही उधम सिंह नगर वुशु चैंपियनशिप में भी एक ओंकार ग्लोबल अकेडमी के खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण और दो रजत पदक जीते प्रतियोगिता में हस्सान और हरनूर ने गोल्ड मेडल जीतकर अपनी श्रेष्ठता साबित की, वहीं सनीब और हुनरवीर ने सिल्वर मेडल हासिल कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। विद्यालय प्रबंधन ने खिलाड़ियों की इस उपलब्धि को उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास का परिणाम बताया। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन से विद्यालय परिसर में उत्साह और खुशी का माहौल है। विद्यालय के चेयरमैन सुखविंदर सिंह ने कहा कि संस्थान हमेशा विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ खेलों में भी आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करता है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की यह सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी।

चेयरपर्सन नवनीत कौर और प्रधानाचार्य जॉनसन ने सभी विजेता खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि विद्यालय विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है और खेल प्रतिभाओं को बेहतर मंच उपलब्ध कराने का कार्य निरंतर जारी रहेगा। इस अवसर पर कोच, अभिभावकों और क्षेत्रवासियों ने भी खिलाड़ियों की उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए सभी विजेताओं को बधाई दी। खिलाड़ियों की इस सफलता से विद्यालय परिवार गौरवान्वित महसूस कर रहा है।

