खेल, कला, संगीत और एआई-रोबोटिक्स गतिविधियों से निखरेगी बच्चों की प्रतिभा
काशीपुर (काशीपुर वार्ता)। होली एंजेल पब्लिक स्कूल, ग्राम खरमासा में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए आगामी 25 मई से 30 मई तक छह दिवसीय समर कैंप का आयोजन किया जाएगा। कैंप प्रतिदिन प्रातः 8 बजे से 11 बजे तक आयोजित होगा, जिसमें कक्षा 3 से 8 तक के विद्यार्थी भाग ले सकेंगे। विद्यालय प्रशासन ने इस बार समर कैंप को विशेष रूप से आधुनिक एवं रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ते हुए एआई और रोबोटिक्स सत्र को भी शामिल किया है। कैंप में प्रशिक्षण अनुभवी, योग्य एवं पेशेवर प्रशिक्षकों द्वारा दिया जाएगा। समर कैंप में तैराकी, नृत्य, संगीत, ताइक्वांडो, कराटे, स्केटिंग, क्रिकेट, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल, शूटिंग बॉल, एथलेटिक्स, बैडमिंटन, आर्ट एंड क्राफ्ट, शतरंज और कैरम जैसी खेल एवं रचनात्मक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इसके अलावा बच्चों के लिए मनोरंजन एवं सीखने से जुड़ी विभिन्न इंडोर गतिविधियां और कुकिंग क्लासेस भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी।

विद्यालय के निदेशक प्रधानाचार्य सुबोध कुमार सिंह ने बताया कि इस बार समर कैंप की विशेष आकर्षण “एआई एवं रोबोटिक्स सत्र” रहेगा, जिसके माध्यम से विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक, नवाचार और भविष्य की वैज्ञानिक सोच से परिचित कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि बच्चों को प्रारंभिक स्तर पर ही तकनीकी शिक्षा और रचनात्मक सोच से जोड़ना समय की आवश्यकता है। समर कैंप में विद्यालय के विद्यार्थियों के साथ-साथ अन्य विद्यालयों के कक्षा 3 से 8 तक के छात्र-छात्राएं भी स्कूल आईडी के साथ भाग ले सकेंगे। प्रत्येक विद्यार्थी को एक अथवा अधिकतम दो गतिविधियों में पंजीकरण कराने की अनुमति दी गई है। सुबोध कुमार सिंह ने अभिभावकों से समय रहते पंजीकरण कराने की अपील की है। पंजीकरण की अंतिम तिथि 16 मई 2026 निर्धारित की गई है, जिसके बाद किसी भी आवेदन को स्वीकार नहीं किया जाएगा।

विद्यालय के चेयरमैन अमित सिंह ने बताया कि समर कैंप का उद्देश्य बच्चों की प्रतिभा को निखारना, उनमेआत्मविश्वास विकसित करना तथा गर्मी की छुट्टियों को ज्ञानवर्धक और मनोरंजक बनाना है। चेयरमैन अमित सिंह ने बताया कि समर कैंप बच्चों को सीखने, खेलने और नई प्रतिभाओं को पहचानने का बेहतर मंच प्रदान करेगा। उन्होंने अधिक से अधिक विद्यार्थियों से इसमें भाग लेने का आह्वान किया।




