ईंधन बचाएं, बेहतर कल बनाएं अभियान के तहत सप्ताह में एक दिन होंगी ऑनलाइन कक्षाएं
काशीपुर (काशीपुर वार्ता)। देश में बढ़ती ईंधन चुनौतियों और पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए जीडी गोयंका पब्लिक स्कूल, काशीपुर ने एक सराहनीय पहल करते हुए “ईंधन बचाएं, बेहतर कल बनाएं” अभियान की शुरुआत की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा ईंधन संKरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा को लेकर दिए गए संदेश से प्रेरित होकर विद्यालय प्रबंधन ने सप्ताह में एक दिन “वर्क फ्रॉम होम ड्राइव” लागू करने का निर्णय लिया है। विद्यालय प्रशासन का मानना है कि सप्ताह में एक दिन ऑनलाइन अध्ययन से वाहनों का उपयोग कम होगा, जिससे पेट्रोल और डीजल की बचत के साथ प्रदूषण में भी कमी आएगी। विद्यालय परिवार ने काशीपुर के नागरिकों से भी इस पहल में सहभागी बनने की अपील की है। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि आज उठाए गए छोटे-छोटे कदम आने वाले समय में देश के बेहतर भविष्य की मजबूत नींव साबित होंगे। जीडी गोयंका पब्लिक स्कूल की यह पहल शिक्षा के साथ सामाजिक जागरूकता का प्रेरणादायी उदाहरण बनकर सामने आई है।
विद्यालय की को-एमडी रिशिता सक्सेना अग्रवाल ने कहा कि वर्तमान समय में ईंधन संरक्षण केवल एक विकल्प नहीं बल्कि देश के प्रति हमारी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि यदि समाज छोटे-छोटे स्तर पर जागरूकता के साथ प्रयास करे तो भविष्य में ऊर्जा संकट जैसी परिस्थितियों से काफी हद तक बचा जा सकता है। उन्होंने अभिभावकों एवं नागरिकों से साझा कार व्यवस्था अपनाने और ईंधन बचाने की दिशा में आगे आने की अपील की।
विद्यालय की प्रधानाचार्या मधुमिता बनर्जी ने बताया कि आगामी बुधवार 20 मई 2026 से कक्षा एक से बारहवीं तक के सभी विद्यार्थियों की ऑनलाइन कक्षाएं प्रातः 8 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक नियमित समय-सारणी के अनुसार संचालित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों को सामाजिक जिम्मेदारी और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देना भी विद्यालय का दायित्व है।



