किसान विकास क्लब की मासिक बैठक 15 मई को अनाज मंडी गेस्ट हाउस में होगी आयोजित

धान की सीधी बुवाई तकनीक पर किसानों को मिलेगा आधुनिक प्रशिक्षण

काशीपुर (काशीपुर वार्ता)।  किसान विकास क्लब (उत्तराखंड) की मासिक बैठक आगामी 15 मई, शुक्रवार को आयोजित की जाएगी।किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ने तथा धान उत्पादन को अधिक लाभकारी बनाने के उद्देश्य से आयोजित यह बैठक मुरादाबाद रोड स्थित अनाज मंडी काशीपुर के गेस्ट हाउस में प्रातः 11 बजे से प्रारंभ होगी। क्लब के प्रदेश अध्यक्ष अरुण कुमार शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि बैठक में धान की फुलपेज तकनीक एवं सीधी बुवाई (डीएसआर) प्रणाली के संबंध में किसानों को विस्तारपूर्वक जानकारी दी जाएगी। उन्होंने बताया कि बदलते कृषि परिदृश्य में डीएसआर तकनीक किसानों के लिए काफी लाभकारी सिद्ध हो रही है, जिससे पानी, श्रम और लागत में उल्लेखनीय कमी आती है तथा उत्पादन क्षमता में वृद्धि होती है। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में जिला मुख्य कृषि अधिकारी वीके सिंह को आमंत्रित किया गया है। वहीं, सवाना सीड के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं कृषि विशेषज्ञ विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। विशेषज्ञ किसानों को धान की आधुनिक खेती, उन्नत बीज चयन, फसल प्रबंधन, रोग नियंत्रण तथा सीधी बुवाई की वैज्ञानिक विधियों के बारे में व्यवहारिक एवं तकनीकी जानकारी देंगे। प्रदेश अध्यक्ष अरुण कुमार शर्मा ने कहा कि कृषि क्षेत्र में नई तकनीकों को अपनाकर किसान अपनी आय बढ़ा सकते हैं। उन्होंने अधिक से अधिक किसानों से बैठक में भाग लेकर विशेषज्ञों के अनुभवों एवं सुझावों का लाभ उठाने का आह्वान किया। बैठक को लेकर क्षेत्र के किसानों में उत्साह देखा जा रहा है और बड़ी संख्या में किसानों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *