हाईकोर्ट में प्राधिकरण के मामलों की करेंगे प्रभावी पैरवी, कई विकास प्राधिकरणों से भी जुड़े हैं
प्रयागराज (काशीपुर वार्ता)। इलाहाबाद हाईकोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता उमेश कुमार सिंह को आगरा विकास प्राधिकरण (एडीए) का पैनल अधिवक्ता नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति से विधिक क्षेत्र तथा विकास प्राधिकरणों से जुड़े मामलों में सक्रिय अधिवक्ताओं के बीच खुशी का माहौल है। अब वह आगरा विकास प्राधिकरण की ओर से इलाहाबाद हाईकोर्ट में विभिन्न वादों की प्रभावी पैरवी करेंगे।
उमेश कुमार सिंह पहले से ही गाजियाबाद विकास प्राधिकरण, नोएडा प्राधिकरण तथा प्रयागराज विकास प्राधिकरण के अधिवक्ता के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। विधिक मामलों में उनकी गहरी पकड़ और प्रशासनिक विषयों पर अनुभव को देखते हुए आगरा विकास प्राधिकरण ने उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। आजमगढ़ जनपद के मूल निवासी उमेश कुमार सिंह ने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से एमए एवं एलएलबी की शिक्षा प्राप्त की है। छात्र जीवन से ही वह विधि एवं सामाजिक विषयों में सक्रिय रहे हैं। हाईकोर्ट में लंबे समय से प्राधिकरण, राजस्व तथा प्रशासनिक मामलों की पैरवी करते हुए उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई है। उनकी नियुक्ति पर अधिवक्ताओं, शुभचिंतकों और सामाजिक संगठनों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे उनकी मेहनत, अनुभव और कानूनी दक्षता का सम्मान बताया है। साथ ही उम्मीद जताई है कि वह आगरा विकास प्राधिकरण के मामलों की मजबूती से पैरवी कर संस्था को विधिक स्तर पर और सशक्त बनाएंगे।



