सूचना विभाग में हर शनिवार रहेगा ‘नो व्हीकल डे’

ऊर्जा संरक्षण और ईंधन बचत को बढ़ावा देने को सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने जारी किए आदेश

देहरादून (काशीपुर वार्ता। प्रदेश सरकार के ऊर्जा संरक्षण और संसाधनों के बेहतर उपयोग संबंधी निर्देशों के क्रम में सूचना विभाग ने एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए प्रत्येक शनिवार को ‘नो व्हीकल डे’ के रूप में मनाने का निर्णय लिया है। इस संबंध में महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी ने विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए आदेश जारी कर दिए हैं। जारी निर्देशों के अनुसार अब सूचना विभाग के अधिकारी और कर्मचारी शनिवार को निजी वाहनों के उपयोग से परहेज करेंगे तथा कार्यालय आने-जाने के लिए सार्वजनिक परिवहन, साइकिल अथवा पैदल चलने जैसे वैकल्पिक साधनों को अपनाने के लिए प्रेरित किए जाएंगे। विभाग का उद्देश्य ईंधन की बचत के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा संसाधनों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी ने कहा कि ऊर्जा संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बन चुका है। उन्होंने विभागीय कर्मियों से अपील करते हुए कहा कि छोटे-छोटे प्रयास सामूहिक रूप से बड़े सकारात्मक बदलाव का आधार बनते हैं। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने स्तर पर ईंधन बचत और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी निभाए तो इसका व्यापक प्रभाव समाज और आने वाली पीढ़ियों पर पड़ेगा। उन्होंने कहा कि ‘नो व्हीकल डे’ केवल एक औपचारिक पहल नहीं बल्कि जन-जागरूकता का अभियान है, जो स्वच्छ पर्यावरण और सतत विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। विभागीय स्तर पर इस अभियान को सफल बनाने के लिए सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से सक्रिय सहयोग की अपेक्षा की गई है। सूचना विभाग की इस पहल को राज्य सरकार के ऊर्जा संरक्षण अभियान को मजबूती देने वाला कदम माना जा रहा है। साथ ही उम्मीद जताई जा रही है कि अन्य विभाग भी इस प्रकार की पहल अपनाकर पर्यावरण संरक्षण और ईंधन बचत के प्रयासों को नई दिशा देंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *