जीडी गोयंका विद्यालय काशीपुर के होनहारों को मिला आईपीएल मैच देखने का दुर्लभ मौका

दिल्ली कैपिटल्स के नॉलेज पार्टनर के रूप में छात्रों ने दिखाई उत्साहपूर्ण भागीदारी, केएल राहुल से मिलने को लेकर दिखा रोमांच

काशीपुर(काशीपुर वार्ता)। जीडी गोयंका पब्लिक स्कूल, काशीपुर के विद्यार्थियों को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) जैसे प्रतिष्ठित क्रिकेट आयोजन का प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त करने का दुर्लभ अवसर मिला है। दिल्ली कैपिटल्स के नॉलेज पार्टनर होने के कारण विद्यालय के चयनित छात्र आईपीएल मुकाबला देखने के लिए दिल्ली रवाना हुए। इस विशेष अवसर को लेकर विद्यार्थियों, अभिभावकों और विद्यालय परिवार में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।

विद्यालय के क्रिकेट कोच सौरभ के निर्देशन में विद्यालय की क्रिकेट टीम के पांच प्रतिभाशाली छात्रों का चयन इस विशेष अनुभव के लिए किया गया। छात्रों को न केवल लाइव मैच देखने का अवसर प्राप्त होगा, बल्कि क्रिकेट की तकनीक, अनुशासन, टीम भावना और खेल भावना को नजदीक से समझने का भी सुनहरा मौका मिलेगा। विद्यार्थियों ने रवाना होने से पहले अपने उत्साह को साझा करते हुए बताया कि वे दिल्ली कैपिटल्स टीम को समर्थन देने जा रहे हैं। बच्चों ने कहा कि उनके पसंदीदा खिलाड़ी केएल राहुल हैं और पहली बार उन्हें मैदान पर लाइव खेलते देखने का सपना साकार होने जा रहा है। छात्रों ने कहा कि वे मैच के दौरान चौके-छक्कों का रोमांच, दर्शकों का उत्साह और खिलाड़ियों की रणनीति को बेहद करीब से अनुभव करेंगे। अभिभावकों ने भी विद्यालय प्रबंधन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बच्चों को इस प्रकार के राष्ट्रीय स्तर के आयोजन से जोड़ना उनके आत्मविश्वास और व्यक्तित्व विकास के लिए अत्यंत प्रेरणादायी कदम है। इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर पूरा जीडी गोयंका विद्यालय परिवार स्वयं को सम्मानित और उत्साहित महसूस कर रहा है।

विद्यालय की प्रधानाचार्या मधुमिता बनर्जी ने बताया कि इस प्रकार के अवसर विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इससे बच्चों में खेलों के प्रति रुचि बढ़ती है तथा भविष्य में क्रीड़ा क्षेत्र में बेहतर संभावनाओं के द्वार भी खुलते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *