एक ओंकार ग्लोबल अकेडमी की इंटर स्कूल क्रिकेट लीग में ग्रेट मिशन स्कूल बना चैंपियन

टच वुड स्कूल को 111 रनों से हराकर ट्रॉफी पर किया कब्जा, खिलाड़ियों का हुआ भव्य सम्मान

काशीपुर (कशीपुर वार्ता)। एक ओंकार ग्लोबल अकेडमी के मैदान में आयोजित इंटर स्कूल क्रिकेट लीग के रोमांचक फाइनल मुकाबले में ग्रेट मिशन स्कूल की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए टच वुड स्कूल की टीम को 111 रनों के बड़े अंतर से पराजित कर चैंपियनशिप ट्रॉफी अपने नाम कर ली। फाइनल मुकाबले को देखने के लिए बड़ी संख्या में छात्र, अभिभावक और खेल प्रेमी मौजूद रहे। मैच के दौरान खिलाड़ियों ने शानदार खेल भावना और उत्कृष्ट प्रदर्शन का परिचय दिया।

सोमवार 18 मई को खेले गए फाइनल मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करने उतरी ग्रेट मिशन स्कूल की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में शानदार बल्लेबाजी करते हुए 189 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम के बल्लेबाजों ने शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज अपनाया और चौकों-छक्कों की बरसात कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी टच वुड स्कूल की टीम ग्रेट मिशन स्कूल के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और पूरी टीम मात्र 78 रनों पर सिमट गई। इस शानदार जीत के साथ ग्रेट मिशन स्कूल ने टूर्नामेंट की ट्रॉफी पर कब्जा जमा लिया।

2 मई से शुरू हुई इस इंटर स्कूल क्रिकेट लीग में कुल 10 टीमों ने प्रतिभाग किया। पूरे टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए दर्शकों का उत्साह बढ़ाया। प्रतियोगिता के सफल आयोजन को लेकर विद्यालय प्रबंधन की सराहना की गई। फाइनल मैच के समापन अवसर पर मुख्य अतिथि उत्तराखंड एथलेटिक्स सेलेक्शन कमेटी के चेयरमैन डॉ. विजेंद्र चौधरी एवं विशिष्ट अतिथि सुप्रसिद्ध शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. रवि सहोता और विशिष्ट अतिथि डॉ मनोज मिश्रा ने विजेता टीम को ट्रॉफी और 15 हजार रुपये की पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया। वहीं उपविजेता टच वुड स्कूल की टीम को भी ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। एक ओंकार ग्लोबल अकेडमी के चेयरमैन सुखविंदर सिंह ने विजेता टीम को बधाई देते हुए कहा कि सभी टीमों ने पूरे टूर्नामेंट में अनुशासन और खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक और मानसिक विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं तथा स्वस्थ शरीर ही बेहतर शिक्षा की आधारशिला है।

मुख्य अतिथि डॉ. विजेंद्र चौधरी ने टूर्नामेंट के सफल आयोजन के लिए विद्यालय प्रबंधन की सराहना की। वहीं  विशिष्ट अतिथि डॉ. रवि सहोता ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल युवाओं में आत्मविश्वास, अनुशासन और टीम भावना विकसित करते हैं। विशिष्ट अतिथि ज्ञानार्थी कॉलेज के अकेडमिक डायरेक्टर डॉ. मनोज मिश्रा ने भी सभी प्रतिभागी टीमों को बधाई देते हुए खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन की प्रशंसा की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *