गोपेश्वर में एमआरआई व तकनीकी स्टाफ की होगी तैनाती


गोपेश्वर (चमोली)। जिला चिकित्सालय गोपेश्वर में एमआरआई मशीन स्थापित करने और उसके संचालन के लिए तकनीकी स्टाफ की नियुक्ति की मांग को लेकर राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र भेजा है। इस पर मुख्यमंत्री ने पत्र पर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

सांसद महेंद्र भट्ट ने अपने पत्र में कहा है कि जिला मुख्यालय गोपेश्वर में स्थित जिला चिकित्सालय पूरे चमोली जिले का प्रमुख स्वास्थ्य केंद्र है, लेकिन यहां एमआरआई जांच की सुविधा उपलब्ध नहीं होने से गंभीर मरीजों को श्रीनगर, देहरादून और अन्य बड़े शहरों का रुख करना पड़ता है। इससे मरीजों और उनके परिजनों को आर्थिक, शारीरिक और मानसिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

उन्होंने कहा कि आपातकालीन परिस्थितियों में लंबी दूरी तय करने के कारण कई बार मरीजों की जान पर भी बन आती है। ऐसे में जनहित को देखते हुए जिला चिकित्सालय गोपेश्वर में जल्द एमआरआई मशीन स्थापित करने के साथ उसके संचालन के लिए आवश्यक तकनीकी स्टाफ की नियुक्ति की जानी चाहिए।

सांसद ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि चमोली जैसे पर्वतीय जनपद के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए इस मांग पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जाए, ताकि मरीजों को समय पर आधुनिक जांच सुविधा स्थानीय स्तर पर मिल सके।

राज्य सभा सांसद महेंद्र भट्ट की ओर से की गई इस पहल का लघु उद्योग प्रकोष्ट के प्रदेश सहसंयोजक नवल भट्ट ने स्वागत करते हुए इसे चमोली जिले के लिए एक बड़ी सौगात बताया है। कहा कि इससे यहां के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।

 



Source link

👁 481 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *