वंश गुप्ता को हेड बॉय, वैष्णवी सिंह को हेड गर्ल, पारस चौहान को डिप्टी हेड बॉय और निवेदिता बिष्ट को डिप्टी हेड गर्ल चुना गया
काशीपुर (कशीपुर वार्ता)। विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, उत्तरदायित्व और सेवा भावना का विकास करने के उद्देश्य से अलीगंज रोड स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल, काशीपुर में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए विद्यार्थी कैबिनेट का गठन किया गया। इस अवसर पर चयनित छात्र-छात्राओं को विभिन्न पदों की जिम्मेदारी सौंपते हुए विद्यालय प्रशासन ने उन्हें निष्पक्षता, समर्पण और अनुशासन के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का संकल्प दिलाया। विद्यालय की नई विद्यार्थी कैबिनेट में वंश गुप्ता को हेड बॉय तथा वैष्णवी सिंह को हेड गर्ल नियुक्त किया गया। पारस चौहान को डिप्टी हेड बॉय और निवेदिता बिष्ट को डिप्टी हेड गर्ल की जिम्मेदारी सौंपी गई। शैक्षणिक गतिविधियों के संचालन के लिए शिवम सिंह को एकेडमिक कैप्टन तथा आयुषी ठाकुर को वाइस एकेडमिक कैप्टन बनाया गया। खेल गतिविधियों के लिए देवांश पांडे को स्पोर्ट्स कैप्टन और नव्या पाठक को वाइस स्पोर्ट्स कैप्टन नियुक्त किया गया। सांस्कृतिक गतिविधियों की कमान साक्षी को कल्चरल कैप्टन तथा नेहा कुमारी को वाइस कल्चरल कैप्टन के रूप में सौंपी गई। अनुशासन व्यवस्था की जिम्मेदारी अक्षय ठाकुर को डिसिप्लिन कैप्टन एवं पायल सिंह को वाइस डिसिप्लिन कैप्टन के रूप में दी गई। वहीं, प्रार्थना सभा के संचालन के लिए अंश चौहान को असेंबली कैप्टन और जसकरण सिंह को वाइस असेंबली कैप्टन बनाया गया। हाउस प्रणाली के तहत रोहित सिंह को ब्लू हाउस, ईशिका चौहान को येलो हाउस, सृष्टि यादव को रेड हाउस तथा ऋषिका को ग्रीन हाउस का कैप्टन नियुक्त किया गया। कार्यक्रम में बृजेश रावल, धर्मराज सिंह बिष्ट, अमित नेगी, उमेश शर्मा, आरती चौधरी, समिंदरजीत कौर, क्षमता भटनागर, विनिता पाठक, श्रीनिवास जोशी, हीरा सिंह सहित विद्यालय का समस्त शिक्षण एवं गैर-शिक्षण स्टाफ उपस्थित रहा।
विद्यार्थी कैबिनेट नेतृत्व और जिम्मेदारी की पहली पाठशाला : डॉ. एसके चौबे
काशीपुर (कशीपुर वार्ता)। डीएवी पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य डॉ. एसके चौबे ने नवनियुक्त विद्यार्थी पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विद्यार्थी कैबिनेट केवल पद और सम्मान का प्रतीक नहीं, बल्कि नेतृत्व, अनुशासन और उत्तरदायित्व का सशक्त मंच है। उन्होंने कहा कि विद्यालय में विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी से नेतृत्व क्षमता, निर्णय लेने की योग्यता, टीम भावना और सेवा भाव का विकास होता है, जो उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करता है। डॉ. चौबे ने सभी पदाधिकारियों से अपेक्षा की कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, निष्पक्षता और समर्पण के साथ करें तथा अपने आचरण से अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बनें। उन्होंने कहा कि सच्चा नेतृत्व वही है, जो अनुशासन, सहयोग और सकारात्मक सोच के साथ सभी को साथ लेकर आगे बढ़े। विद्यालय परिवार को विश्वास है कि नई विद्यार्थी कैबिनेट विद्यालय की गौरवशाली परंपराओं को आगे बढ़ाते हुए नई उपलब्धियां स्थापित करेगी।






