24 घंटे अत्याधुनिक न्यूरो ट्रॉमा सेवाओं के लिए समर्पित है टीम: डॉ गुरपाल सहोता
काशीपुर (कशीपुर वार्ता)। गंभीर न्यूरो आपात स्थितियों में त्वरित उपचार उपलब्ध कराने की दिशा में सहोता मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल एवं न्यूरो ट्रॉमा सेंटर ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। अस्पताल के कंसल्टेंट ब्रेन एवं स्पाइन सर्जन डॉ. गुरपाल सिंह ने बताया कि पिछले 36 घंटों के दौरान अस्पताल में कुल 18 जटिल ब्रेन एवं स्पाइन सर्जरी सफलतापूर्वक की गई हैं। डॉ. गुरपाल सिंह के अनुसार इन सर्जरी में सड़क दुर्घटनाओं एवं अन्य कारणों से हुए ब्रेन ट्रॉमा, ब्रेन ट्यूमर, ब्रेन हेमरेज तथा स्पाइन से संबंधित गंभीर मामलों के मरीज शामिल रहे। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में समय पर उपचार और विशेषज्ञ चिकित्सकीय हस्तक्षेप मरीज की जान बचाने में सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने बताया कि सहोता मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल एवं न्यूरो ट्रॉमा सेंटर की विशेषज्ञ टीम 24 घंटे आपातकालीन न्यूरो सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह तैयार रहती है। पिछले 36 घंटों के दौरान चिकित्सकों, एनेस्थीसिया विशेषज्ञों, नर्सिंग स्टाफ और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों ने लगातार समन्वय के साथ कार्य करते हुए सभी गंभीर मरीजों का समयबद्ध उपचार किया। डॉ. गुरपाल सिंह ने कहा कि अस्पताल का उद्देश्य केवल सफल सर्जरी करना ही नहीं, बल्कि प्रत्येक मरीज को शीघ्र स्वस्थ कर सुरक्षित उसके परिवार तक पहुंचाना भी है। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक, अनुभवी विशेषज्ञों और समर्पित टीमवर्क के बल पर अस्पताल क्षेत्र के लोगों को उच्चस्तरीय न्यूरो एवं स्पाइन उपचार उपलब्ध करा रहा है। गंभीर मस्तिष्क एवं रीढ़ की हड्डी से जुड़े मामलों में समय पर इलाज से मरीजों की जान बचाने और बेहतर स्वास्थ्य लाभ दिलाने की संभावनाएं काफी बढ़ जाती हैं। इस अवसर पर मरीजों के परिजनों ने डॉ गुरपाल सहोता समेत समस्त हॉस्पिटल स्टाफ का आभार जताया। वहीं डॉ गुरपाल सहोता द्वारा की गई इन जटिल ब्रेन और स्पाइन सर्जरी पर क्षेत्र के तमाम डॉक्टर्स और चिकत्सा के क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञों ने बधाई और भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी है।




