जसपुर खुर्द में आयोजित कृषक संगोष्ठी में किसानों ने उठाया समय पर गन्ना मूल्य भुगतान का मुद्दा
काशीपुर (काशीपुर वार्ता)। गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग विभाग के तत्वावधान में गन्ना विकास परिषद काशीपुर द्वारा ग्राम जसपुर खुर्द में एक दिवसीय कृषक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। संगोष्ठी में आगामी पेराई सत्र की तैयारियों, गन्ना उत्पादन बढ़ाने तथा किसानों की समस्याओं के समाधान पर विस्तार से चर्चा की गई। संगोष्ठी को संबोधित करते हुए गन्ना विकास परिषद काशीपुर के ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक (एससीडीआई) बीरेंद्र कुमार चौधरी ने किसानों से आगामी पेराई सत्र में गन्ना आपूर्ति बढ़ाने के संबंध में सुझाव मांगे। उन्होंने कहा कि किसान हित विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस दौरान किसानों द्वारा उठाई गई कई समस्याओं का मौके पर ही समाधान भी किया गया। बीरेंद्र कुमार चौधरी ने बताया कि आगामी पेराई सत्र में क्रय केंद्रों पर गन्ना आपूर्ति के दौरान किसानों को होने वाली दिक्कतों के समाधान के लिए गन्ना आयुक्त स्तर पर आवश्यक निर्णय लिए गए हैं। अब किसानों को अपने प्लॉट में ही गन्ना उतारने की सुविधा मिलेगी तथा उन्हें चीनी मिल के वाहनों के आने तक लंबे समय तक प्रतीक्षा नहीं करनी पड़ेगी, जिससे गन्ना आपूर्ति प्रक्रिया अधिक सुगम होगी।

कार्यक्रम में गन्ना विकास निरीक्षक राकेश कुमार ने गन्ने में लगने वाले रोगों एवं कीटों की रोकथाम, उन्नत गन्ना प्रजातियों तथा खाद एवं उर्वरकों के संतुलित उपयोग की जानकारी दी। वहीं, गन्ना विकास निरीक्षक सुरेश सिंह ने विभागीय योजनाओं, पेड़ी प्रबंधन एवं विभिन्न कृषि क्रियाओं के बारे में किसानों को अवगत कराया। गन्ना विकास निरीक्षक वीरेंद्र कुमार मौर्य ने सहफसली खेती की वैज्ञानिक पद्धतियों एवं इससे होने वाले आर्थिक लाभों पर विस्तार से प्रकाश डाला। संगोष्ठी के दौरान किसानों ने गन्ना मूल्य भुगतान में हो रही देरी पर गहरी नाराजगी व्यक्त की। किसानों का कहना था कि यदि समय पर भुगतान नहीं किया गया तो वे आगामी पेराई सत्र में चीनी मिलों को गन्ना आपूर्ति करने पर पुनर्विचार करेंगे। उन्होंने कहा कि विभाग गन्ना क्षेत्रफल बढ़ाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार कर रहा है, लेकिन भुगतान में देरी किसानों की सबसे बड़ी समस्या बनी हुई है। किसानों ने गन्ना समिति के माध्यम से उधार खाद एवं बीज उपलब्ध कराने की मांग भी उठाई। कार्यक्रम में सुभाष चंद्र, सुरेश कुमार, राजेश सिंह राजपूत, सतीश कुमार, परमजीत सिंह, उस्मान अली, कासम खान, हरविंदर सिंह, हरजीत सिंह, राजेंद्र सिंह, राकेश सिंह, योगेश कुमार, अनवर सैफी, कृष्ण कुमार सिंह, प्रदीप कुमार, मोहन सिंह, हरपाल सिंह, धीरज सिंह, विकास कुमार, सुरेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।




